वैशाली: बिहार में इन दिनों लगातार भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। निगरानी विभाग की टीम लगातार भ्रष्ट सरकारी कर्मियों को गिरफ्तार भी कर रही है। इसी कड़ी में निगरानी इकाई की टीम ने वैशाली जिला खनन कार्यालय में बड़ी कार्रवाई करते हुए डाटा एंट्री ऑपरेटर और परिचारी को 50 हजार रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी के बाद से जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें - पहले सिर्फ अपराधियों का आतंक था लेकिन अब तो.., मुजफ्फरपुर में तेजस्वी ने सरकार के साथ ही पुलिस को भी लपेटा...
मामले में निगरानी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार वैशाली के जिमदार कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जिला खनन कार्यालय में डाटा एंट्री ऑपरेटर के पद पर कार्यरत राहुल कुमार रौशन गिट्टी भंडारण दुकान के लिए लघु-K लाइसेंस निर्गत करने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत का सत्यापन करने के बाद निगरानी की टीम ने जिला खनन कार्यालय में छापेमारी की और डाटा एंट्री ऑपरेटर राहुल कुमार रौशन तथा परिचारी प्रमोद कुमार को 50 हजार रूपये घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
फ़िलहाल निगरानी की टीम दोनों को साथ लेकर मुजफ्फरपुर चली गई जहां उससे पूछताछ के बाद विशेष निगरानी कोर्ट में पेश करेगी। इसके साथ ही गिरफ्तार कर्मियों के विरुद्ध आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - मैं ज्योति संग नहीं रहना चाहता, तलाक मामले में सुनवाई के लिए कोर्ट पहुंचे पवन सिंह लेकिन...
चंदन तिवारी की रिपोर्ट