लखीसराय: बिहार में इन दिनों सरकार आम लोगों के काम को लेकर लगातार सख्ती बरत रही है। किसी भी काम में लापरवाही करने वाले सरकारी कर्मी के विरुद्ध तुरंत कार्रवाई की जा रही है और इसी कड़ी में सरकार ने लखीसराय के डीएम को हटा दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग की तरफ से जारी अधिसूचना के अनुसार लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्र को सामान्य प्रशासन विभाग में योगदान देने का निर्देश जारी किया है।
यह भी पढ़ें - बापू टॉवर देख मंत्रमुग्ध हुए जावेद अख्तर, कहा 'पूरी दुनिया घूम लिया लेकिन नहीं देखा ऐसा'
2011 बैच के अधिकारी मिथिलेश मिश्र के विरुद्ध धान खरीद में गड़बड़ी का आरोप है जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है। बता दें कि अभी हाल ही में सरकार ने इस मामले में जांच के आदेश दिए थे। डीएम मिथिलेश मिश्र की जगह एडीएम सह अपर समाहर्ता नीरज को जिलाधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। करीब डेढ़ वर्षों से लखीसराय जिला की कमान संभाल रहे मिथिलेश मिश्र के अचानक तबादले से प्रशासनिक समेत सियासी गलियारे में भी चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि डीएम मिथिलेश मिश्र पर धान अधिप्राप्ति में गड़बड़ी करने का आरोप लगा था जिसकी वजह से उनके ऊपर गाज गिरी है। इस मामले में विभागीय जांच भी की गई थी।
यह भी पढ़ें - राजधानी में नहीं रुक रहा नशा का कारोबार, पटना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयां की बरामद