मधेपुरा: बिहार में इन दिनों विभिन्न तरह के आपराधिक मामलों के साथ ही साइबर अपराध और ठगी का मामला भी लगातार सामने आ रहा है। ऐसा ही एक मामला मधेपुरा में सामने आया है जहां एक पति पत्नी ने खुद को IAS बता कर ठेकेदारी दिलाने का लालच दे कर एक व्यक्ति से 35 लाख रूपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

यह भी पढ़ें    -  पद से हटाये गए लखीसराय के डीएम मिथिलेश मिश्र, सामान्य प्रशासन विभाग में देंगे योगदान

मामले को लेकर पीड़ित नारायण यादव ने बताया कि बीते वर्ष 2025 में सिंहेश्वर में आयोजित एक बड़े सत्संग कार्यक्रम के दौरान उनकी मुलाकात शातिर दंपत्ति से हुई थी। वहां एक वीआईपी गाड़ी और सरकारी रौब के साथ मौजूद दंपत्ति ने खुद को बड़े अधिकारी के रूप में पेश किया था। उन्होंने बताया कि आरोपी सन्नी कुमार राय अपनी पत्नी श्रद्धांजलि देवी को IAS अधिकारी बताता था जबकि खुद वर्दी पहन कर उसका बॉडीगार्ड बताता था। वहीं गाड़ी पर उन्होंने प्रधान सचिव का फर्जी बोर्ड लगा रखा था जिससे लोग आसानी से उनके झांसे में आ जाते थे। शातिर दंपत्ति ने इसी आधार पर उन्हें ठेकेदारी दिलाने के नाम पर 34.74 लाख रूपये ठग लिए।

पीड़ित ने बताया कि लंबे समय तक काम नहीं मिलने पर जब रूपये मांगे तो उन्होंने हमारे साथ गाली गलौज की और मारपीट भी की। पीड़ित ने मधेपुरा सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई जिसके आधार पर पुलिस ने एक टीम गठित कर दोनों को पटना से गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से फर्जी बोर्ड लगी कार, लूटा गया आईफोन भी बरामद किया गया है। मामले को लेकर पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है साथ ही छानबीन में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें    -  कारोबारी के घर में घुस कर गोली मारने के दो आरोपी को पुलिस ने दबोचा, हथियार भी बरामद जबकि अन्य की तलाश जारी

YouTube Video