तेजस्वी से मिलने पहुंची मांझी की बहू और समधन, मचा सियासी घमासान, पार्टी ने दी सफाई
पटना: बिहार विधानसभा में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए मतदान जारी है। एक सीट पर जीत के लिए NDA और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर है और दोनों ही गठबंधन क्रॉस वोटिंग की आस में हैं। वोटिंग के बीच महागठबंधन के लिए एक बड़ा झटका सामने आया है कि कांग्रेस के दो और राजद के एक विधायक के गायब होने की बात सामने आ रही है तो दूसरी तरफ वोटिंग के दौरान विधानसभा में कुछ ऐसा देखने को मिला जिसके बाद से NDA में भी अफरातफरी का माहौल हो गया। दरअसल वोटिंग के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू और समधन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैम्बर से निकलती हुई देखी गई।
विधानसभा में वोटिंग के दौरान अचानक जीतन राम मांझी की समधन ज्योति मांझी और बहू दीपा मांझी नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के चैम्बर से निकलती हुई देखी गई जिसके बाद यह कहा जा रहा है कि दोनों उनसे मुलाकात के लिए गई थी। बताया जा रहा है कि इस दौरान उनके साथ AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल इमान और अन्य कई विधायक भी थे जिसके बाद यह दावे किये जाने लगे कि इन यह दोनों विधायक तेजस्वी के संपर्क में हैं। इसके बाद बिहार का सियासी पारा चढने लगा और कयास लगाया जाने लगा कि तेजस्वी ने इन्हें कोई ऑफर दिया होगा। इस घटना के बाद NDA के कई विधायकों ने नाराजगी भी जाहिर की तो कुछ ने गलती से उस चैम्बर में जाने की बात कही।
यह भी पढ़ें - माथे पर तिलक, चश्मा, चमकदार कमीज पहन वोट देने पहुंचे अनंत सिंह नीतीश पर दिया बड़ा बयान, ललन सिंह बोले NDA की जीत तय
मामले को लेकर हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रवक्ता ने कहा कि वहां पर भीड़ लगी थी और चलते हुए उन्होंने नाम प्लेट पर ध्यान नहीं दिया तथा तेजस्वी के चैम्बर में घुस गई थी। चैम्बर में जाते ही वह तुरंत वापस भी निकल गई थी। यह महज एक संयोग था कि उसी समय अख्तरुल ईमान बाहर निकल रहे थे। पूरा NDA एक जुट है और हमारे कोई भी सदस्य इधर उधर नहीं करने वाले हैं, खास कर मांझी की समधन और बहू तो बिल्कुल भी ऐसा नहीं कर सकती हैं। यह एक मानवीय भूल है जिसकी वजह से दोनों नेता प्रतिपक्ष के चैम्बर में चली गई थी।
वहीं मामले को लेकर HAM के संस्थापक संरक्षक जीतन राम मांझी ने कहा कि ऐसा कुछ नहीं है। महागठबंधन के लोग सिर्फ भ्रम फैलाना चाहते हैं और इसलिए ऐसी बातें कर रहे हैं। हम NDA के साथ एकजुट हैं और एकजुटता के साथ ही हम बने रहेंगे। वहीं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पूर्व में राज्यसभा सीट की मांग की थी लेकिन वह नहीं मिली के सवाल पर कहा कि अगर हमें सीट नहीं मिला तो इससे कोई दिक्कत नहीं है। बात हुई थी लेकिन जब राज्यसभा सीट नहीं मिली तो फिर हमें उसके बदले कोई और चीज मिल जायेगा।
यह भी पढ़ें - महागठबंधन के लिए मुश्किल घड़ी, वोटिंग के लिए नहीं पहुंचे MLA, तेजस्वी ने कहा...