भागलपुर: बिहार के सरकारी विद्यालयों में छात्रों को सरकार की तरफ से मध्याह्न भोजन दिया जाता है। भागलपुर में इसी मध्याह्न भोजन खाने के बाद एक साथ 15 बच्चों की तबियत बिगड़ गई। सभी बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज जारी है। अस्पताल में छात्रों के परिजन काफी आक्रोशित दिखे और विद्यालय प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया। मामला भागलपुर के शाहजंगी गंगटा मैदान स्थित प्राथमिक विद्यालय का है जहां मध्याह्न भोजन खाने के बाद 15 बच्चों की तबियत खराब हो गई।

मामले को लेकर छात्रों ने बताया कि जब उन्हें खाने के लिए छोले चावल दिया गया था तो उस समय उसका स्वाद खट्टा लगा था लेकिन भूख लगे होने की वजह से उन्होंने खाना खा लिया। खाने के बाद से ही बच्चों को एक एक कर पेट दर्द, उल्टी और चक्कर आने लगे, जिसके बाद सबकी हालत बिगड़ने लगी। मामले की जानकारी मिलने के बाद हबीबपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से सभी छात्रों को अस्पताल पहुंचाया।

यह भी पढ़ें    -    JDU नेता के साथ दिखे RJD MLA फैसल रहमान, पार्टी बदलने के नाम पर कहा...

अस्पताल में छात्रों के अभिभावक ने विद्यालय के शिक्षकों समेत प्रबंधन के विरुद्ध नाराजगी जाहिर की और कहा कि जब हमें बच्चों के बीमार होने की सूचना मिली तो हम अस्पताल पहुंचे लेकिन यहां विद्यालय की तरफ से न तो प्रधानाध्यापक मौजूद थे न ही कोई शिक्षक या अन्य जिम्मेदार व्यक्ति। वहीं डॉक्टर बच्चों की स्थिति स्थिर बताते हुए इलाज में जुटे हैं। अभिभावकों ने शिक्षकों की लापरवाही के आरोप में पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

यह भी पढ़ें    -    पटना से छिनतई का मोबाइल करते थे नेपाल में सप्लाई, पटना पुलिस ने 4 बदमाशों को...

भागलपुर से सुशील की रिपोर्ट