बिहार में भी हो सकती है रसोई गैस और इंधन की कमी? पुलिस मुख्यालय ने जिलों को लिखा पत्र और...
पटना: ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध की वजह से मिडल ईस्ट एशिया में भी तनाव काफी बढ़ा हुआ है। इस तनाव का असर अब भारत पर भी दिखने लगा है। हालांकि अभी भारत में युद्ध की आहट नहीं दिखाई दे रही है बल्कि यह आहट है रसोई गैस और इंधन की कमी की। हालांकि इस संबंध में अभी भारत सरकार ने कमी का इशारा नहीं किया है लेकिन पेट्रोलियम कंपनियों को सतर्क जरुर किया है। इधर चर्चा है कि देश में रसोई गैस की कमी हो सकती है और कई राज्यों में कमर्शियल गैस का सप्लाई बंद कर दिया गया है। कमर्शियल गैस सप्लाई बंद किये जाने की वजह से लोगों में भी उहापोह की स्थिति है और लोग अब पेट्रोल पंप तथा गैस एजेंसी पर भीड़ लगा कर अपने घरों इंधन का स्टॉक करने की जुगत में लग गये हैं।
रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका को देखते हुए अब बिहार पुलिस भी सतर्क हो गई है। इस संबंध में बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को सचेत करते हुए भीड़ प्रबंधन के लिए तैयार रहने का निर्देश जारी किया है। पुलिस मुख्यालय ने सभी प्रमंडलीय आयुक्त, सभी IG और DIG को पत्र लिख कर सतर्क रहने का निर्देश दिया है। पुलिस मुख्यालय ने अपने पत्र में लिखा है कि मिडल ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से राज्य में LPG, पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति में कमी होने की आशंका है। इस परिस्थिति को देखते हुए विभिन्न गैस एजेंसी और पेट्रोल पंप पर लोगों की भीड़ जुट सकती है जिससे अव्यवस्था और विधि व्यवस्था की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इस दौरान असामाजिक तत्व के द्वारा जमाखोरी और कालाबाजारी की भी आशंका है।
यह भी पढ़ें - बिहार में बदलेगी उच्च शिक्षा की तस्वीर, बिहार में बनेंगे सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस...
ऐसी स्थिति में पेट्रोल पंप और गैस एजेंसी के आसपास विधि व्यवस्था बनाये रखने के लिए सतर्क रहें और निगरानी की पूरी व्यवस्था करें। साथ ही जमाखोरी और कालाबाजारी करने वाले लोगों के विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही जिला प्रशासन आपूर्ति विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए आवश्यकतानुसार जनसमान्य को वस्तुस्थिति से अवगत करवाते रहें ताकि किसी भी तरह की अफवाह की स्थिति उत्पन्न न हो। बता दें कि बिहार में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कमी की आशंका देखते हुए लोगों में उहापोह की स्थिति बनी हुई है।

यह भी पढ़ें - अपने उम्मीदवार को राज्यसभा कैसे भेजेंगे तेजस्वी? AIMIM ने दावों की निकाल दी हवा...