घर में मिला छात्र का फंदे से लटका शव, परिजनों का आरोप– पहले हत्या फिर रची आत्महत्या की कहानी
पूर्णिया से इस वक्त एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। सदर थाना क्षेत्र के सरना चौक के पास स्थित महाराजगंज मोहल्ले में एक पॉलिटेक्निक छात्र का शव संदिग्ध हालत में फांसी के फंदे से लटका मिला है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि परिजनों ने इसे आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या बताया है। मृतक की पहचान रौनक के रूप में हुई है, जो पॉलिटेक्निक का छात्र था। परिजनों के अनुसार रौनक परिवार का इकलौता बेटा और घर का सहारा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए और पूरे मामले को लेकर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
यह भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव को लेकर चिराग ने किया बड़ा दावा, महागठबंधन पर भी तंज, 5 राज्यों में चुनाव को लेकर...
मृतक की मां सुनैना देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि उनके पति दिव्यांग हैं और रौनक ही परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभाल रहा था। ऐसे में उसका इस तरह अचानक फांसी पर लटकना कई सवाल खड़े करता है। वहीं परिवार के सदस्य पल्लव कुमार ने भी घटना को लेकर गंभीर संदेह जताया है। उनका कहना है कि घर के अंदर सिगरेट के कई टुकड़े मिले हैं और खाने के जूठे प्लेट भी पड़े हुए थे। इससे अंदेशा है कि कुछ लोग घर में घुसे थे। परिजनों का दावा है कि पहले रौनक की हत्या की गई और फिर पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसके शव को फांसी के फंदे से लटका दिया गया।
यह भी पढ़ें: थावे धाम में फिर सजने जा रहा भव्य मंच! 28-29 मार्च को होगा बड़ा आयोजन, प्रशासन ने तेज की तैयारियां
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। उधर बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम का माहौल बना हुआ है।