मुजफ्फरपुर: बिहार में एक तरफ पुलिस अपराध नियंत्रण के दावे और कोशिश में लगी हुई है तो दूसरी तरफ अपराधियों का मनोबल मानो सातवें आसमान पर है। एक बार फिर अपराधियों ने यह बात साबित कर दिया कि उनके मन में पुलिस ही नहीं बल्कि किसी का डर नहीं है और वह जब जहां चाहें आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे सकते हैं। मुजफ्फरपुर में सोमवार को अपराधियों ने भीड़भाड़ वाले इलाके में दिनदहाड़े एक कारोबारी की गोली मार कर हत्या कर दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई जबकि आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई। 

यह भी पढ़ें   -      नीतीश ने दिया इस्तीफा तो पप्पू यादव ने BJP-JDU को चेताया, मांझी ने तो...

घटना मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति रोड की है। घटना का एक सीसीटीवी फूटेज भी सामने आया है। सोमवार के दिनदहाड़े बालू कारोबारी गायघाट निवासी प्रभाकर सिंह बाइक से जा रहे थे इस दौरान उनका पीछा कर रहे बाइक सवार दो अपराधियों ने गोली मार दी और हथियार लहराते हुए भाग निकले। गोली लगते ही बालू कारोबारी बाइक समेत गिर गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है वहीं मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई। मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।

घटना को लेकर मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस टीम घटनास्थल पर बारीकी से जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लेगी। वहीं दूसरी तरफ दिनदहाड़े घटी हत्या की घटना के बाद पुलिस पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों ने पुलिस की गस्ती पर सवालिया निशान उठाया जबकि स्थानीय कारोबारियों ने डर का माहौल बताते हुए कहा कि हमलोग हर दिन डर के साये में जी रहे हैं लेकिन अपराधियों का कहर कम नहीं हो रहा है।

यह भी पढ़ें   -      निशांत को बनना चाहिए बिहार का मुख्यमंत्री, मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने भाजपा के मुख्यमंत्री के तौर पर इस नेता का लिया नाम...

मुजफ्फरपुर से चंदन कुमार की रिपोर्ट