मुजफ्फरपुर: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को मुजफ्फरपुर पहुंचे। मुजफ्फरपुर में उन्होंने गायघाट थाना क्षेत्र के चोरनिया गांव में थानाध्यक्ष की गोली से मृत जगतवीर राय के परिजनों से मुलाकात की और ढाढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए राज्य की सरकार और पुलिस पर भी कई गंभीर आरोप लगाये। उन्होंने कहा कि बिहार में NDA के शासनकाल के दौरान कानून व्यवस्था बिल्कुल ही खत्म हो चुका है। पहले अपराधियों का आतंक था लेकिन अब पुलिस भी मनमानी करने लगी है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि घटना के आठ दिन बीत गए लेकिन अब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो सका है जो कि गंभीर है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो फिर जिले में आंदोलन किया जायेगा। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस मामले में भी किसी तरह की लीपापोती नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहा है लेकिन हम ऐसा होने नहीं देंगे। तेजस्वी यादव ने आरोपी थानाध्यक्ष पर नशे में गोली चलाने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस की मनमानी का यह नतीजा है।
यह भी पढ़ें - राजधानी में दिनदहाड़े 20 लाख रूपये लूट मामले में लाइनर गिरफ्तार, इतने रूपये भी हुए बरामद...
तेजस्वी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मानवाधिकार आयोग में भी शिकायत दर्ज करवाने की बात कही तथा कहा कि हमारे पास सीटें भले कम है लेकिन जनता का भरपूर समर्थन हमारे पास है। सरकार विपक्ष को कमजोर समझ रही है जो कि एक भूल है क्योंकि जनता हमारे साथ खड़ी है। तेजस्वी यादव ने मृतक को समाजसेवी बताते हुए कहा कि सरकार उनके परिवार को जल्द ही न्याय दिलाये अन्यथा आंदोलन की जाएगी।
यह भी पढ़ें - 'साहब मैं मरा नहीं, जिंदा हूं...', अररिया में दर्जनों लोग लगा रहे कार्यालय का चक्कर लेकिन नहीं हो रही सुनवाई...