रोकती रही पुलिस लेकिन नहीं रुके प्रदर्शनकारी, NEET छात्रा को न्याय दो के नारे के साथ...
पटना: राजधानी पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत शंभू गर्ल्स हॉस्टल में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहले पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने लगातार कई खुलासे किये और पुलिस प्रशासन पर लगातार हमलावर बने रहे और अब 1995 के एक मामले में उनकी गिरफ्तारी के बाद विपक्ष और भी हमलावर हो गई है। मंगलवार को भाकपा माले विधायक संदीप सौरभ के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने राजधानी पटना में आक्रोश मार्च निकाला। आक्रोश मार्च में शामिल कार्यकर्ता छात्रा के लिए न्याय की मांग कर रहे थे। मार्च गांधी मैदान से शुरू हो कर विधानसभा की तरफ चली।
गांधी मैदान से चली मार्च को पुलिस ने जेपी गोलंबर के समीप रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता आक्रोशित दिखे और पुलिस की बैरीकेडिंग तोड़ आगे बढ़ते रहे। लोगों को रोकने में पुलिस के पसीने छुटते दिखे जबकि प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे थे। मार्च के दौरान पुरुषों से आगे महिलाएं चल रही थी और वह पुलिस को धक्का दे कर आगे बढती रही। मार्च में एपवा और आइसा के कार्यकर्ता भी शामिल थे और पुलिस तथा बिहार सरकार के विरुद्ध लगातार नारेबाजी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें - अपनी ही सरकार के मंत्री के जवाब से असंतुष्ट दिखी मैथिली ठाकुर, सदन में कहा 'एक बार फिर से...'
नीट छात्रा को न्याय देने की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे थे। जेपी गोलंबर के समीप पुलिस के रोकने के बावजूद प्रदर्शनकारी बैरीकेडिंग तोड़ आगे बढ़ी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि हम एक बैरीकेडिंग तोड़ आगे बढ़े हैं दूसरा तीसरा बैरीकेडिंग भी तोड़ेंगे। आज हमलोग विधानसभा का घेराव करेंगे और बहरी सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएंगे। महिलाओं ने कहा कि राजधानी पटना में नीट छात्रा के साथ दरिंदगी हुई, दरभंगा में मासूम के साथ दरिंदगी हुई, इसके साथ ही राज्य में अन्य जगहों पर भी ढेरों घटनाएं घटी लेकिन सुशासन की सरकार में अपराधी के ऊपर कार्रवाई नहीं हो रही है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार और सरकार में बैठे लोग कहते जरुर हैं कि सुशासन है, अपराधियों को सजा मिलती है लेकिन सच है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बीमार हैं, और सरकार में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। जब तक नीट छात्रा समेत बिहार की सभी बेटियों को न्याय नहीं मिलेगा हमलोग चुप नहीं बैठेंगे। अगर मुख्यमंत्री से बिहार नहीं संभल रहा है तो फिर वे इस्तीफा दे दें।
यह भी पढ़ें - PK के तर्ज पर तेज प्रताप करेंगे अपनी पार्टी को मजबूत, बिहार के गांवों में करेंगे...
पटना से कुमार मनीष की रिपोर्ट