पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा चुनाव में निर्वाचित होने और विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा देने की मांग के साथ ही अब निशांत कुमार को मुख्यमंत्री बनाये जाने की मांग जोरशोर से उठने लगी है। जदयू में एंट्री के साथ ही निशांत कुमार का कद काफी बढ़ने लगा है और अब वे नेताओं के साथ ही कार्यकर्ताओं की पहली पसंद बनने लगे हैं। यही वजह है कि अब सीएम नीतीश के सामने भी निशांत कुमार के नाम के जयकारे लगने लगे हैं।
ऐसा कुछ देखने को मिला सोमवार को जब सीएम नीतीश विधान परिषद के गेस्ट हाउस का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने नया कैंटीन, लाइब्रेरी, सामुदायिक केंद्र का भी उद्घाटन किया और निरीक्षण करते हुए सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसी दौरान वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने निशांत कुमार जिंदाबाद के नारे लगाये। कार्यकर्ताओं के द्वारा निशांत कुमार जिंदाबाद का नारा सुन कर सीएम नीतीश मुस्कुराते हुए रुके और फिर सभी का अभिवादन करते हुए आगे बढ़ गए। इस दौरान उनके साथ दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा विजय सिन्हा भी मौजूद रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान सीएम नीतीश ने कहा कि विधान परिषद् अतिथि निवास बहुत अच्छा बना है। यहां की सुविधाओं का लाभ विधान परिषद् के सदस्यों को मिलेगा। बता दें कि विधान परिषद के सदस्यों के लिए अतिथि आवास, सामुदायिक केंद्र, कैंटीन और पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। विधान परिषद् अतिथि निवास एक 05 मंजिला भवन है, जिसमें बेसमेंट, भू-तल एवं 04 मंजिलों का निर्माण किया गया है। इस भवन में 30 सुईट रूम, 04 लॉउन्ज, सेक्युरिटी लाउन्ज का निर्माण किया गया है। भवन में 08 व्यक्ति की क्षमतावाले लिफ्ट को अधिष्ठापित किया गया है। प्रत्येक सुईट रूम में एक छोटा किचेन, ड्राईंग रूम तथा विश्राम हेतु एक कमरा (शौचालय सहित) का निर्माण किया गया है।
यह भी पढ़ें - विधान परिषद् की बिसात पर नयी चालें.... क्या बदल जाएगा बिहार का सियासी संतुलन?
कैन्टीन एवं पुस्तकालय भवन एक 02 मंजिला भवन है। जिसके एक भाग में कैन्टीन एवं दूसरे भाग में पुस्तकालय का निर्माण किया गया है। कैन्टीन के भूतल एवं प्रथम तल पर कैन्टीन डायनिंग हॉल किचेन, रेस्ट रूम, पेन्ट्री, स्टोर, सर्विस ऐरिया, शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के भूतल पर कार्यालय कक्ष, पुस्तकालय एवं शौचालय का निर्माण किया गया है। पुस्तकालय के प्रथम तल पर रिडिंग हॉल, लॉबी एवं स्टोर का निर्माण किया गया है। सामुदायिक केन्द्र एक 02 मंजिला भवन है। इसके भूतल एवं प्रथम तल पर हॉल, स्टोर, किचेन, लॉबी, शौचालय का निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार विधान परिषद् के सभापति अवधेश नारायण सिंह, बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री डॉ दिलीप कुमार जायसवाल, ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, बिहार विधान परिषद् के उपसभापति प्रो (डॉ) रामवचन राय सहित विधान पार्षदगण, अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव सह भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें - अगले 5 वर्षों में बिहार बनेगा औद्योगिक हब, उद्योग मंत्री ने कहा 'वैश्विक निवेशक भी आने लगे हैं बिहार..'