पटना: शुक्रवार को राजधानी पटना में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जायेगा और इसे लेकर मंदिर के साथ ही सभी तरह की तैयारियां पूरी कर ली गई है। एक तरफ महावीर मंदिर समेत अन्य मंदिरों में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भीड़ और दर्शन की सुगम व्यवस्था की गई है तो दूसरी तरफ प्रशासनिक व्यवस्था भी पुख्ता की गई है। इसके साथ ही राजधानी पटना में रामनवमी के अवसर पर विभिन्न इलाकों में शोभायात्रा भी निकाली जाएगी जिसका डाकबंगला चौराहा पर भव्य स्वागत और सम्मान किया जायेगा।
शोभायात्रा स्वागत सह सम्मान कार्यक्रम को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने एक प्रेसवार्ता की। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने देशवासियों को रामनवमी की बधाई दी और कहा कि पिछले कई वर्षों से हमलोग राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहा पर विभिन्न झांकियों का स्वागत और सम्मान करते आये हैं। बीते वर्ष हमने राजधानी के सभी शोभायात्रा को संगठित किया और इस वर्ष हमलोग कुल 52 शोभायात्रा का सम्मान करेंगे। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री के साथ ही कई दिग्गज हस्तियाँ भी मौजूद रहेंगी जबकि कई राज्यों से कलाकार भी बुलाये गए हैं।
नितिन नबीन ने कहा कि जिस तरह से अयोध्या की रामनवमी भगवान राम की जन्मभूमि के रूप में जाना जाता है तो उसी तरह से माता जानकी की जन्मभूमि के रूप में बिहार की रामनवमी भी देश भर में जानी जाती है। पूरा पटना राममय और भाग्वामय दिख रहा है। चंदननगर की इलेक्ट्रॉनिक लाइटिंग से सजाया गया है। हमलोग भगवान श्रीराम के आदर्शों के साथ कैसे आगे बढ़ें इसका पूजा के समय संकल्प लेंगे। इस बार सभी शोभायात्राओं में विभिन्न प्रकार की झांकियां भी देखने को मिलेंगी। विभिन्न राज्यों से कई कलाकार झांकियों में भाग लेने आ रहे हैं। नागपुर, झारखंड समेत कई राज्यों के बंद बैंड के अलग अलग ढोल नगारे भी देखने को मिलेगा।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने कहा कि हम पटनावासियों से आग्रह करते हैं कि कल शाम पांच बजे से राजधानी के विभिन्न इलाकों से आने वाले झांकियों का मनोबल बढ़ाने के लिए जरुर आयें। इस अवसर पर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्र और बिहार सरकार के कई मंत्री, रामायण धारावाहिक में राम की भूमिका निभाने वाले कलाकार अरुण गोविल, सांसद और बिहार की धरती के कलाकार मनोज तिवारी समेत कई हस्तियाँ मौजूद रहेंगी। हम सबका प्रयास है कि कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न विभूति की भी उपस्थिति भी देखने को मिले।
इस दौरान भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने पश्चिम बंगाल में भगवान राम के भक्तों की पिटाई को लेकर कहा कि भगवान की जन्मभूमि के लिए साढ़े चार सौ वर्ष संघर्ष करना पड़ा जबकि भगवान को भी टेंट में रहना पड़ा और आज उनका भव्य मंदिर तैयार हो चुका है। तो मैं यही कहना चाहता हूँ कि राम के काम में जो बाधा बनेंगे उनका काम तमाम होगा, राम का काम नहीं रुकने वाला नहीं है। पश्चिम बंगाल में भी रामनवमी की यात्राएं निकाली जाएँगी और माता की पूजा भी जोश के साथ की जाएगी।
यह भी पढ़ें - समृद्धि यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी लालू-राबड़ी कार्यकाल पर बरसे CM नीतीश, बताई अपनी सरकार की उपलब्धियां..