पटना: बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा की कड़ाई के बाद राज्य के राजस्व कर्मी हड़ताल पर गए हैं। हड़ताल पर गए अधिकारियों से उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कई बार अपील की कि आपकी मांगों पर नियम के अनुसार सुनवाई की जाएगी आप जनता के काम को न रोकें। इतना ही नहीं उन्होंने कर्मियों को चेतावनी भी दी थी कि अगर अपने काम पर वापस नहीं लौटे तो फिर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अब राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ऐसे अधिकारियों की सूची बना रहा है जो तय समय तक काम पर वापस नहीं लौटे।

इस मामले में उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि सभी जिलों से ऐसे अंचलाधिकारी समेत अन्य राजस्व कर्मियों की जानकारी मांगी गई है जो अब तक अपने काम पर वापस नहीं लौटे हैं। एक दो दिनों के अंदर ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हमने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया था कि 25 मार्च के शाम 5 बजे तक हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटें अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। निर्देश के बावजूद जिलों से मिले रिपोर्ट के अनुसार करीब दो दर्जन अंचलाधिकारी अपने काम पर लौट आये हैं और इन्हें जल्द ही पटना के विभिन्न इलाकों के अंचल का प्रभार दिया जायेगा।

यह भी पढ़ें      -   डाकबंगला चौराहा पर 52 शोभायात्राओं का होगा सम्मान, राम का किरदार निभाने वाले अरुण गोविल भी होंगे कार्यक्रम में शामिल...

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आम जनता के काम में बाधा न आये यह सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत अंचलाधिकारियों को कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्त किया जायेगा। सेवानिवृत अंचलाधिकारियों से राजस्व महाभियान के दौरान प्राप्त 46 लाख आवेदनों का निष्पादन किया जायेगा और तय भुगतान भी किया जायेगा। जो अधिकारी अब भी हड़ताल पर हैं और तय समयसीमा के अंदर योगदान नहीं दिया है उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश प्रधान सचिव को दिया गया है। प्रशासन का काम है जनहित के काम को जारी रखना और इसके लिए सभी वैकल्पिक कदम उठाये जायेंगे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी जिलों के अंचलों का प्रभार राजस्व सेवा के अधिकारियों को दिया गया है। इस संबंध में पत्र आज ही जारी किया गया है। हमारे सभी जिलों में 46 सदर अंचलों में प्रभार दिया जा रहा है साथ ही 101 अनुमंडल अंचलों में भी प्रभार दिया जा रहा है। हम अधिकारियों को एक से अधिक जगह का प्रभार दें फिर भी हमारे पास पर्याप्त कर्मी मौजूद हैं। जनता के काम को किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होने दिया जायेगा। प्रभार वाले अधिकारी एक दिन एक अंचल और दूसरे दिन दूसरे अंचल में काम करेंगे।

उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि जिन लोगों ने सरकार के ऊपर भरोसा किया है उन्हें हम सम्मानित भी करेंगे। राजस्व अधिकारी और अंचल अधिकारियों के सामूहिक अवकाश में भी काम जारी है। 9 मार्च के बाद भी काम निष्पादित किये जा रहे हैं और अब तक 12882 आवेदन निष्पादित किये जा चुके हैं। जो लोग सरकार के गति को रोक कर जनता के दर्द को बढ़ाना चाहते हैं और मार्च जैसे महीने में काम निष्पादित करने के बजाय अराजकता उत्पादन की मानसिकता को सफल नहीं होने दिया जायेगा। ऐसे लोगों के साथ किसी की भी सहानुभूति नहीं रहेगी।

यह भी पढ़ें      -   इटली से IT की पढाई कर आया करने लगा नकली नोट का सप्लाई, पुलिस ने पकड़ा तो दिखाने लगा पॉलिटिकल कनेक्शन...