पटना: बिहार की राजनीति में रविवार को एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया, जब बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बांकीपुर से विधायक नितिन नवीन का प्रस्तावित इस्तीफा टल गया। पूरी तैयारी के बावजूद वे बिहार विधानसभा नहीं पहुंचे, जिससे सियासी हलकों में अटकलों का दौर तेज हो गया है। दरअसल, जानकारी के मुताबिक नितिन नवीन आज ही अपने विधायक पद से इस्तीफा देने वाले थे। इसके लिए विधानसभा स्तर पर भी तैयारी कर ली गई थी। खास बात यह रही कि रविवार होने के बावजूद विधानसभा खुलने की व्यवस्था की गई थी। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार भी दिल्ली से देर रात पटना पहुंच गए थे और सुबह सदन पहुंचे, लेकिन नितिन नवीन के नहीं आने से इस्तीफा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
यह भी पढ़ें : BREAKING: बिहार बोर्ड 10वीं रिजल्ट आज 1:30 बजे, टॉपर्स को मिलेगा लाखों का इनाम!
इस बीच खबर सामने आई कि नितिन नवीन पार्टी के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए असम रवाना हो गए हैं। माना जा रहा है कि पार्टी ने उन्हें वहां अहम जिम्मेदारी दी है, जिसके चलते वे पटना नहीं आ सके। विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने भी पुष्टि की कि किसी कारणवश आज इस्तीफा नहीं हो पाया, लेकिन जल्द ही यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
यह भी पढ़ें : भयंकर सड़क हादसा: गश्ती पर निकली पुलिस जीप को ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
गौरतलब है कि नितिन नवीन 16 मार्च को राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे। नियमों के अनुसार, उन्हें 14 दिनों के भीतर विधायक पद से इस्तीफा देना अनिवार्य है, जिसकी समयसीमा 30 मार्च को पूरी हो रही है। ऐसे में अब उनके इस्तीफे को लेकर समय का दबाव भी बढ़ गया है। इधर, राजनीतिक गलियारों में यह सवाल भी उठ रहा है कि जब सारी तैयारियां पूरी थीं, तो आखिर ऐन मौके पर ऐसा क्या हुआ कि नितिन नवीन विधानसभा नहीं पहुंचे। वहीं, यह भी चर्चा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सोमवार को विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे सकते हैं। अब सभी की नजर अगले कदम पर टिकी है।