पटना: मोकामा से जदयू विधायक और चर्चित बाहुबली नेता अनंत सिंह एक बार फिर अपने अनोखे अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। इस बार वे अपने पटना स्थित आवास के बाहर काले रंग के अपने पसंदीदा घोड़े के साथ नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि अनंत सिंह खुद घोड़े की लगाम थामे हुए हैं और उसे निर्देश दे रहे हैं। वे कहते हैं, “चल तो”, और घोड़ा तुरंत चलने लगता है। फिर वे कहते हैं, “आगे बढ़”, तो घोड़ा आगे बढ़ता नजर आता है। इस दौरान अनंत सिंह व्हाइट शर्ट, लोअर और काले चश्मे में दिखाई दे रहे हैं। उनके आसपास मौजूद समर्थक इस पूरे दृश्य को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आते हैं।
यह भी पढ़ें : गैस खत्म, काम खत्म! क्या यही वजह है कि ट्रेनों में उमड़ रही है मजदूरों की भीड़?
अनंत सिंह का घोड़ों के प्रति लगाव कोई नया नहीं है। बताया जाता है कि उनके पास एक समय में करीब 100 घोड़े हुआ करते थे। यही नहीं, उनके शौक इतने अलग रहे हैं कि उन्होंने अपने आवास पर अजगर और हाथी तक पाल रखे थे। उनके ये शौक अक्सर उन्हें चर्चा में बनाए रखते हैं। साल 2007 का एक दिलचस्प किस्सा भी काफी मशहूर है, जब सोनपुर मेले में लालू यादव का घोड़ा बिक्री के लिए आया था। अनंत सिंह उस घोड़े को खरीदना चाहते थे, लेकिन सीधे खरीदना संभव नहीं था। ऐसे में उन्होंने एक किसान के जरिए वह घोड़ा खरीदवाया और बाद में उसी घोड़े के साथ मेले में घूमते नजर आए।
यह भी पढ़ें : रील बनाना बना काल ! एक टक्कर और खत्म हो गई जिंदगी
विधायक बनने के बाद भी उनका शाही अंदाज बरकरार रहा। वे कई बार घोड़ा-बग्घी पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे, जो अपने आप में चर्चा का विषय बन जाता था। उनकी बग्घी भी खास होती थी, जिसमें लाइट और म्यूजिक सिस्टम लगे होते थे। हाल ही में 23 मार्च को दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद अनंत सिंह जेल से बाहर आए हैं। रिहाई के बाद से ही वे लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं, और अब घोड़े के साथ उनका यह वीडियो एक बार फिर लोगों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है।




