पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा देने के साथ ही राज्य में सियासत तेज हो गई है। एक तरफ जहां सत्ता पक्ष के नेता नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के निर्णय को व्यक्तिगत और इक्षा का सम्मान करने की बात कर रहे हैं तो दूसरी तरफ विपक्ष के नेता लगातार भाजपा पर हमलावर हैं। इतना ही नहीं विपक्ष के कई नेताओं ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की स्थिति में उनके बेटे निशांत कुमार को बिहार की सत्ता सौंपने की भी मांग कर रहे हैं।
इसी कड़ी में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया के माध्यम से नीतीश कुमार को अद्वितीय बताया और कहा कि आप नए बिहार के सृजनकर्ता हैं और आपके मार्गदर्शन पर ही बिहार आगे भी चलता रहेगा। आपके जैसा दूसरा कोई नहीं हो सकता है। केंद्रीय मंत्री ने सोशल मीडिया में भोजपुरी में लिखा कि 'तहरा जईसन केहू नईखें, तू बे-जोड़ बाड़ा हो… आपके मार्गदर्शन से ही बिहार चलेगा नीतीश जी। आप इस नए बिहार के सृजनकर्ता हैं…।'
यह भी पढ़ें - 'नीतीश कुमार जिंदाबाद, सम्राट चौधरी गो बैक', पटना विश्वविद्यालय में छात्रों ने घेर लिया डिप्टी सीएम को फिर...
जनता के साथ होगा धोखा
वहीं दूसरी तरफ पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने भी भाजपा पर तंज कसा और ठगने की बात कही। पूर्णिया के सांसद ने नीतीश कुमार के बाद उनके बेटे को मुख्यमंत्री बनाये जाने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने वोट नीतीश कुमार के नाम पर दिया और ऐसे में अगर नेतृत्व बदला जाता है तो फिर यह जनता के साथ धोखा होगा। पप्पू यादव ने साफ शब्दों में नीतीश कुमार को नसीहत दी कि आप अभी बिहार न छोड़ें।
पप्पू यादव ने कहा कि दिल्ली अभी दूर है और थोडा इंतजार कर लीजिये। भाजपा के नेता इतना बेचैन क्यों हैं? जनता के वोट साथ खिलवाड़ मत कीजिये। उन्होंने कहा कि मौजूदा वक्त में अगर राज्य में भाजपा के किसी नेता को मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो फिर इसका नुकसान BJP और जदयू दोनों को उठाना पड़ेगा। नीतीश कुमार को साजिश के तहत घेरा जा रहा है और उनके ऊपर दबाव बना कर सीएम की कुर्सी से हटाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने एक नसीहत देते हुए कहा कि अगर नीतीश कुमार पद छोड़ते हैं तो उन्हें अपनी पार्टी से ही किसी नेता को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित करना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो बिहार में सियासी अस्थिरता बढ़ेगी और इसका खामियाजा दोनों दलों को भुगतना होगा।