पटना, 31 मार्च 2026: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंगलवार को 1 अणे मार्ग स्थित ‘संकल्प सभागार’ में 2024 बैच के बिहार कैडर के 12 प्रशिक्षु IAS अधिकारियों ने मुलाकात की। यह मुलाकात उनके ट्रेनिंग अनुभवों को साझा करने के लिए आयोजित की गई थी। इस दौरान अधिकारियों ने जिलों में ट्रेनिंग के दौरान किए गए कार्यों और अपने अनुभवों के बारे में मुख्यमंत्री को बताया। 

जिन अधिकारियों ने मुलाकात की, उनमें विरूपाक्ष विक्रम सिंह, प्रिया रानी, कृष्णा जोशी, प्रेम कुमार, सैयद आदिल मोहसिन, अजय यादव, सुरज कुमार, विग्नेश टी.ए., जतिन कुमार, के. परीक्षित, महेश कुमार और कशिश बख्शी शामिल हैं। इन 12 अधिकारियों में 3 महिलाएं और 9 पुरुष हैं। साथ ही ये अलग-अलग राज्यों से आते हैं, जिनमें बिहार, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, तमिलनाडु और झारखंड शामिल हैं।

यह भी पढ़ें : पटना सिविल कोर्ट को ब्लास्ट की धमकी देने वाला आरोपी लॉ ड्रॉपआउट हुआ गिरफ्तार…. जानें पूरा मामला

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों से बातचीत करते हुए कहा कि ट्रेनिंग के दौरान मिले अनुभव उनके भविष्य के काम में काफी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों को जमीन पर लागू करने में IAS अधिकारियों की अहम भूमिका होती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को ईमानदारी, अनुशासन और संवेदनशीलता के साथ काम करने की सलाह दी। साथ ही राज्य और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।

यह भी पढ़ें : नालंदा: मघड़ा माता शीतलाष्टमी मंदिर में भगदड़, 8 महिलाओं की मौत, जानें कैसे मची हाहाकार

इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. बी. राजेन्दर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।