darsh news

सड़क पर दहशत: बाढ़ में दो गुटों की भिड़ंत, गोलीबारी में एक गंभीर रूप से घायल

panic on the road

पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल अंतर्गत अथमलगोला थाना क्षेत्र के चंदा गांव में मंगलवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब दो पक्षों के बीच अचानक कई राउंड फायरिंग हो गई। दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए घरों में छिपने को मजबूर हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल कायम है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गांव में दो गुटों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार को यह तनाव हिंसक रूप ले बैठा और देखते ही देखते ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। इसी दौरान हरेराम यादव नामक व्यक्ति अपने घर से किसी काम के लिए बाहर निकले थे। तभी अचानक चली एक गोली उनकी आंख के पास आकर लगी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यह भी पढ़ें: राबड़ी आवास पर सियासी संग्राम! आदेश के बाद भी क्यों नहीं खाली होगा बंगला?

स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, गोली आंख के बेहद करीब लगी है, जिससे स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखे बरामद किए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है ताकि फायरिंग की असली वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।

यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: ग्रहों की चाल से बदलेंगे हालात, जानें किसे मिलेगा भाग्य का साथ

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव व्याप्त है और एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।


Scan and join

darsh news whats app qr