अपने गैंग के पुराने सदस्यों को इकठ्ठा कर रहा था एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात प्रिंस, पिता ने STF को कहा 'धन्यवाद...'
वैशाली: शुक्रवार को बिहार के विअशाली में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात सोना लुटेरा प्रिंस के मामले में अब कई बातें सामने आ रही हैं। बताया जा रहा है कि प्रिंस एक बार फिर से अपने गैंग के सदस्यों को इकठ्ठा करने की कोशिश में जुटा था लेकिन इसी दौरान STF को उसकी भनक लग गई और पटना से वैशाली तक उसका पीछा कर मार गिराया। बताया जा रहा है कि STF और पुलिस ने उसे सरेंडर करने का मौका जरुर दिया था लेकिन पुलिस प्रिंस ने यह कहते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी कि अब तक मैंने कई पुलिसकर्मियों की हत्या की है और अब नंबर तुम लोगों का है।
फिर से इकठ्ठा कर रहा अपने गैंग के सदस्यों को
पुलिस सूत्रों की मानें तो प्रिंस तीन दिन पहले पटना आया था और उसने अलाम्गंज में त्रिलोकी उर्फ़ रिशु से मुलाकात की फिर दानापुर में भी अपने एक करीबी से मुलाकात की थी। इस दौरान उसने राजधानी पटना के कदमकुआं इलाके के कुख्यात सोनू पटेल के एक खास व्यक्ति से भी मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि इसी सोनू पटेल ने उसे PMCH से भागने में मदद की थी। जानकारी मिल रही है कि प्रिंस रिशु के साथ मिल कर एक बार फिर सोना लूट की योजना बना रहा था और इसके लिए ही वह अपने गैंग के पुराने सदस्यों को इकठ्ठा करने के लिए पटना आया था। इसी दौरान STF को भनक लग गई और उसके पीछे लग गई।
पटना से शुरू किया पीछा, वैशाली में मार गिराया
STF पीछे तो लग गई लेकिन शातिर प्रिंस का लोकेशन ट्रैक नहीं कर सकी। इसी बीच रिशु के साथ होने की भनक लगी और फिर STF उसके पीछे पीछे वैशाली तक पहुंच गई। इसी दौरान STF ने दिग्घी के समीप उसके किराये के घर में घेर कर गिरफ्तार करने की कोशिश की लेकिन प्रिंस ने पुलिस को देखते ही ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि प्रिंस ने पुलिस पर करीब 29 राउंड फायरिंग की थी जिसके जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसे मार गिराया। इस दौरान प्रिंस का दोस्त रिशु मौके से निकल गया और एक जगह छिप गया लेकिन पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और कारतूस भी बरामद किया।
यह भी पढ़ें - पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर समर्थकों में आक्रोश, अररिया में...
बहनोई की हत्या से आपराधिक दुनिया में रखा था कदम
बताया जा रहा है कि पुलिस एनकाउंटर में मारे गए प्रिंस के विरुद्ध कई मामले दर्ज थे। उसने सबसे पहले 16 वर्ष की उम्र में किसी बात पर एक बूचड़खाने में आग लगा दी थी और उसके कुछ दिन बाद ही अपने बहनोई की हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि प्रिंस अपनी बहन की अंतरजातीय शादी से नाराज था और इसी वजह से उसने अपने बहनोई की हत्या कर दी थी। इसके बाद उसकी जान पहचान जेल में सोना लूट गैंग सरगना से हुई और फिर वह एक कुख्यात बन गया।
रिशु पर है मां बेटी की हत्या समेत कई सोना लूट मामले का आरोप
एनकाउंटर के दौरान गिरफ्तार रिशु भी आपराधिक प्रवृति का है और उसके विरुद्ध भी कई मामले दर्ज हैं। उसके विरुद्ध राजधानी पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र के धवलपुरा में मां बेटी की हत्या करने का आरोप है। इसके साथ ही वह प्रिंस के साथ ओडिशा के जाजपुर पानी कोयाली थाना क्षेत्र में 25 किलो सोना लूट मामले में भी शामिल था। इसके साथ ही रिशु के ऊपर ओडिशा के संभलपुर में भी करीब साढ़े 11 करोड़ रूपये के सोना लूट का आरोप है।
एनकाउंटर में कुख्यात प्रिंस के मारे जाने की सूचना पर राज्य भर में पुलिस को सराहना मिली। वहीं इस मामले में उसके पिता ने भी पुलिस को धन्यवाद् कहा। बताया जा रहा है कि प्रिंस के पिता ने उसे कई बार आपराधिक दुनिया छोड़ने के लिए कहा था लेकिन जब उसने बात नहीं मानी तो वह जब भी किसी पुलिस वाले से मिलता था तो उन्हें एनकाउंटर में मार देने की बात कहता था।
यह भी पढ़ें - भूमि विवाद में गोलीबारी, सूचना पर पहुंची पुलिस तो हथियारों का जखीरा देख चौंक गई...