पूर्णिया: पूर्णिया में पुलिस ने अपराधियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में हथियार और कारतूस के साथ पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि सभी अपराधी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना तैयार कर रहे थे लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया वहीं 3 अपराधी भागने में सफल रहे।
मामले में पूर्णिया पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार मधुबनी थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि एक मामले का फरार आरोपी सिद्धू सिंह उर्फ़ सिंटू सिंह पूर्णिया कॉलेज के समीप एक निर्माणाधीन मकान में अपने सहयोगी के साथ छुपा हुआ है। सूचना के आधार पर मधुबनी थाना की पुलिस ने के हाट थाना के सहयोग से उक्त मकान की घेराबंदी शुरू की लेकिन अपराधियों ने अंदर से फायरिंग करना शुरू कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने एक राउंड ही फायर किया तभी सभी अपराधी भागने लगे।
इस दौरान पुलिस ने भागते हुए अपराधियों का पीछा किया और 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि 3 अपराधी भागने में सफल रहे। इस दौरान पुलिस ने जब मकान की तलाशी ली तो वहां से .315 बोर की दो राइफल, 53 जिंदा कारतूस, 2 राइफल का लाइसेंस, 2 खोखा, एक स्कार्पियो और एक फोर्च्युनर गाड़ी बरामद किया है। गिरफ्तार अपराधियों की पहचान पूर्णिया के सरसी थाना निवासी सिद्धू सिंह उर्फ़ सिंटू सिंह, भागलपुर के गोपालपुर थाना निवासी रुपेश कुमार यादव, उत्तर प्रदेश के कासगंज जिला निवासी मुकेश सिंह और उत्तर प्रदेश के एटा जिला निवासी नरसिंह के रूप में की गई।
यह भी पढ़ें - 'गोली का जवाब गोली से देंगे', संसद में गृह मंत्री नक्सली उन्मूलन अभियान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस को घेरा...