बिहार के डगरुआ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एक 18 वर्षीय युवती की कथित सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका का शव थाना क्षेत्र के विश्वासपुर स्थित NH-31 पर नमस्कार होटल के पीछे बरामद किया गया।परिजनों के अनुसार, युवती 11 मार्च की रात करीब 11:30 बजे घर से निकली थी, जिसके बाद वह लापता हो गई। परिवार ने पहले ही थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और पुलिस से उसकी तलाश की गुहार लगाई थी। आरोप है कि युवती को प्रेम जाल में फंसाकर गांव से बुलाया गया, जहां चार युवकों ने मिलकर उसके साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया और बाद में उसकी हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें: पटना में सुबह-सुबह पड़ा छापा और पकड़ा गया भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब
जांच के दौरान पुलिस को मोबाइल चैट और व्हाट्सऐप से जुड़े कुछ अहम सुराग मिले। इसके आधार पर एक युवक को हिरासत में लिया गया, जिसकी निशानदेही पर शव बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि अपराधियों ने शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। घटना की खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश देखने को मिला। सैकड़ों ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर NH-31 को करीब 4 से 5 घंटे तक जाम कर दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूर्णिया से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया गया।
यह भी पढ़ें: JDU विधायक के बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, तेज रफ़्तार में थार गाड़ी पेड़ से जा टकराई और हो गई मौत
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज पूर्णिया भेज दिया है। परिजनों ने चार युवकों पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और इलाके में तनाव बना हुआ है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को कब तक गिरफ्तार कर न्याय दिला पाता है।
यह भी पढ़ें: मनेर में रफ़्तार का खौफनाक अंजाम... ट्रक और ऑटो में हुई जोरदार टक्कर की औटो के उड़ गये परखच्चे