पटना: बिहार में शुक्रवार को रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जायेगा और इसे लेकर मंदिरों में तैयारी के साथ ही प्रशासनिक तैयारी भी अंतिम चरण में है। रामनवमी को लेकर राजधानी के पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर के साथ ही अन्य कई मंदिरों में जोरशोर से तैयारी की जा रही है। रामनवमी को लेकर पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में कपाट रात 2 बजे ही खोल दिया जायेगा। महावीर मंदिर प्रबंधन ने एलान किया है कि इस बार सबसे पहले दर्शन करने वाले 10 भाग्यशाली श्रद्धालुओं को सम्मानित भी किया जायेगा। इसके साथ ही भीड़ प्रबंधन के लिए भी विशेष तैयारी की गई है।
अयोध्या राम मंदिर का भी कर सकेंगे दर्शन
गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने गर्भगृह में 80 टन एसी इनस्टॉल किया है जबकि मंदिर परिसर में 20 LED स्क्रीन लगाई जा रही है, जिन पर प्रभु श्री राम और महावीर मंदिर के लाइव दर्शन होंगे। रामनवमी के अवसर पर रात 2 बजे कपाट खुलने के बाद पहले आरती की जाएगी फिर दर्शन शुरू होगा वहीं दिन में दो बार आरती के लिए दर्शन को कुछ देर के लिए रोका जायेगा। मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए 18 हजार किलो नैवेद्यम तैयार किया गया है। इसके साथ दोपहर 12 बजे की विशेष अररती के बाद सुरक्षा कारणों से फूल माला और भारी प्रसाद के साथ प्रवेश वर्जित रहेगा ताकि कतार तेजी से आगे बढ़ सके।
यह भी पढ़ें - समृद्धि यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी लालू-राबड़ी कार्यकाल पर बरसे CM नीतीश, बताई अपनी सरकार की उपलब्धियां..
महावीर मंदिर में पुख्ता तैयारी
रामनवमी के अवसर पर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पर्याप्त सुरक्षा बल के साथ ही मेडिकल, एंबुलेंस, शौचालय समेत अन्य सुविधाएं भी तैयार रहेंगी। जबकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से जगह जगह पर सुरक्षाकर्मी तैनात रहेंगे साथ ही सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी। इस दौरान किसी भी प्रकार के असामाजिक तत्व और अशांति फ़ैलाने की कोशिश करने वाले के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की भी है पुख्ता तैयारी
रामनवमी पर्व के मद्देनज़र अश्रु गैस का मॉक ड्रिल- आज दिनांक 26.03.2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पटना के निर्देशानुसार रामनवमी पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण और भीड़ नियंत्रण हेतु पटना जिला अंतर्गत अश्रु गैस का मॉक ड्रिल आयोजित किया गया। पुलिस प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए गए हैं। साथ ही अग्रतर आवश्यक तैयारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें - जल्द ही जारी हो जायेगा 10वीं परीक्षा का परिणाम, टॉपर्स का वेरिफिकेशन हो गया है शुरू...
45 अतिरिक्त कंपनियां होंगी तैनात
रामनवमी के पर्व को देखते हुए राजधानी पटना समेत बिहार के अन्य जिलों में भी सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की गई है। बिहार में इस अवसर पर 45 अतिरिक्त कंपनियां सुरक्षा में लगाई गई है और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी गई है। डीजीपी विनय कुमार ने सभी पुलिस अधिकारियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से सोशल मीडिया समेत जमीनी स्तर पर भी किसी तरह का अफवाह या सांप्रदायिकता बिगाड़ने की कोशिश करने वाले लोगों की निगरानी और कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
ये जिले हैं संवेदनशील
खास कर राजधानी पटना समेत गया जी , रोहतास, नालंदा, दरभंगा, नौगछिया, खगड़िया समेत कई अन्य जिलों को संवेदनशील जिला की श्रेणी में रखते हुए खास सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। राजधानी पटना के महावीर मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर समेत कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की जुटने वाली भारी भीड़ को देखते हुए खास तैयारी की गई है। किसी भी तरह की आपदा की स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों को आंसू गैस के गोले चलाने की भी प्रैक्टिस करवाई गई है।
यह भी पढ़ें - NEET छात्रा मामले में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने CBI से पूछा 'डेढ़ महीने में क्या...'