राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में मिलिट्री इंजीनियरिंग सर्विस (MES) से जुड़े एक ठेकेदार के साथ गंभीर हिंसक घटना सामने आई है। घटना में पीड़ित ठेकेदार पंकज कुमार के साथ मारपीट और लाखों रुपये की लूट की शिकायत दर्ज की गई है। पंकज कुमार, जो पटना के दुल्हिनबाजार थाना क्षेत्र के निवासी हैं और MES में ठेकेदारी का काम करते हैं, ने बताया कि 25 मार्च की सुबह लगभग 9 बजे जब वह MES दानापुर कार्यालय ठेका संबंधी काम के लिए पहुंचे, तभी गेट पर मौजूद एक अन्य ठेकेदार राजू यादव और उसके करीब 10 अज्ञात सहयोगियों ने उन्हें रोक लिया।

यह भी पढ़ें :     जल्द ही जारी हो जायेगा 10वीं परीक्षा का परिणाम, टॉपर्स का वेरिफिकेशन हो गया है शुरू...

आरोप है कि उन्होंने पंकज को जबरन बाहर खींचा और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। इसके साथ ही उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए नाले में फेंकने की चेतावनी दी गई। हमलावरों ने पीड़ित का बैग छीनकर लगभग 4 लाख 10 हजार रुपये नकद और 2 लाख 23 हजार 250 रुपये का एफडी पेपर अपने कब्जे में ले लिया। इसके अलावा, आरोप है कि पंकज कुमार से उनके लेटर पैड पर जबरन हस्ताक्षर करवाए गए ताकि ठेका वापस लेने का दबाव बनाया जा सके।

यह भी पढ़ें :   समृद्धि यात्रा के समापन कार्यक्रम में भी लालू-राबड़ी कार्यकाल पर बरसे CM नीतीश, बताई अपनी सरकार की उपलब्धियां..

 पंकज कुमार का कहना है कि घटना MES कार्यालय के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है और भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका व्यक्त की है। दानापुर थाना अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज ने पुष्टि की कि पंकज कुमार की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपी राजू यादव तथा अन्य सहयोगियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आम जनता से अपील की गई है कि इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी तुरंत संबंधित थाने को दी जाए।