बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र में दिल्ली-कोलकाता नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। स्वास्तिक होटल के समीप हुए इस हादसे में मिनी ट्रक के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान शिव कुमार उर्फ सनी के रूप में की गई है, जबकि घायल चालक राहुल वर्मा बताया जा रहा है। दोनों उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के निवासी हैं। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

यह भी पढ़ें: प्रेम जाल या साजिश? 18 साल की खुशी के साथ क्या हुआ उस रात… सच सुन सिहर जाएंगे आप

घायल चालक राहुल वर्मा ने बताया कि वे लोग डेहरी ऑन सोन से बालू लोड कर सुल्तानपुर जा रहे थे। इसी दौरान मोहनिया हाईवे पर आगे चल रहे गिट्टी लदे ट्रक ने अचानक ब्रेक मार दिया। अचानक ब्रेक लगने से उनका ट्रेलर पीछे से ट्रक में जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खलासी की मौके पर ही मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

यह भी पढ़ें: पटना में सुबह-सुबह पड़ा छापा और पकड़ा गया भारी मात्रा में गांजा और अंग्रेजी शराब

घटना के बाद गिट्टी लदा ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस और एनएचएआई टीम ने किसी तरह चालक को ट्रेलर से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां से उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। मोहनिया थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर में खलासी की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया है। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।