सासाराम (रोहतास) : नगर थाना क्षेत्र के बढ़ईया बाग में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को कुचल दिया, जिससे मौके पर ही उनकी जान चली गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।


मृतकों की पहचान 23 वर्षीय परमा कुमार, उनकी 28 वर्षीय भाभी खुशबू देवी और खुशबू देवी की 4 वर्षीय बेटी काव्य के रूप में हुई है। सभी कोचस थाना क्षेत्र के मैनपुरा गांव के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, ये लोग सासाराम के तकिया मोहल्ले स्थित अपने आवास से सुबह अपने गांव जा रहे थे। परिवार में दादी के निधन के बाद श्राद्ध कर्म में शामिल होने के लिए वे निकले थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर तेज गति में था और अनियंत्रित होकर बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।


सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुबह के समय शहर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू नहीं होने से ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं। अनियंत्रित तरीके से ट्रैक्टर और ट्रक शहर में प्रवेश करते हैं, जिससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ जाती है।


इस दर्दनाक हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ही घर के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से गांव और शहर दोनों जगह शोक की लहर है।