पटना: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए निर्वाचित होने और 10 अप्रैल को शपथ ग्रहण के बाद अब बिहार की राजनीति में काफी गर्माहट हो गई है। एक तरफ जहां NDA में सरकार के अगले नेतृत्व के चयन को लेकर गहमागहमी का माहौल है तो दूसरी तरफ विपक्ष भाजपा पर लगातार हमलावर है। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने एक बार फिर सीएम नीतीश के राज्यसभा जाने को साजिश करार दिया है। तेजस्वी ने नीतीश के खास नेताओं पर ही भाजपा के साथ मिल कर साजिश रचने का आरोप लगाया है।

मीडिया से बात करते हुए बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि सीएम नीतीश खुद से राज्यसभा नहीं जा रहे हैं बल्कि जदयू के अन्य बड़े नेताओं की वजह से जा रहे हैं। उनलोगों ने ईडी सीबीआई के डर या चाहे जो भी कारण रहा हो नीतीश जो को फंसा कर जबरदस्ती राज्यसभा भेज रहे हैं। पहले 5 वर्षों में एक बार सरकार बनती थी लेकिन इन लोगों ने अब 2 से 3 महीने में सरकार बदलना शुरू कर दिया है। इन लोगों ने बिहार को बर्बाद कर दिया है।

यह भी पढ़ें     -    नीतीश के फैसले पर सबकी नजर! JDU की बैठक के बाद सियासी हलचल तेज

तेजस्वी ने कहा कि किसी भी मुद्दे पर बात करिए, बिहार आज बदहाली में सफर कर रहा है। सरकार की जिम्मेदारी होती है कि लोगों की समस्याओं को दूर करना लेकिन इन लोगों ने तंत्र मंत्र से सरकार बनाई लेकिन ये लोग सरकार बनाने में लगे हैं। दो महीने से कैबिनेट की बैठक नहीं हुई है। कहने के लिए डबल इंजन की सरकार है लेकिन अभी तक बिहार की चिंता नहीं की जा रही है। न लोगों की समस्याओं को देखा जा रहा है, न लॉ एंड ऑर्डर सुधर रहा है। जो लोग सत्ता में हैं उन्हें बिहार की चिंता नहीं है बल्कि ये लोग कुर्सी की चिंता में लगे हैं। हम तो पहले से बोल रहे हैं कि ये लोग नीतीश जी को मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे। चुनाव में हिम्मत नहीं थी लेकिन अंदरूनी रूप से पहले ही तय हो चुका था।

तेजस्वी ने कहा कि इसमें नीतीश जी की कोई भूमिका नहीं है, उन्हें जबरदस्ती ले जाया गया है। जदयू के कुछ बड़े नेता हैं और उन लोगों ने ही ईडी सीबीआई के डर से या कुछ लालच की वजह से उन्हें फंसा दिया है। वहीं उन्होंने कहा कि कौन क्या बनेगा इसमें हम कुछ नहीं कह सकते हैं लेकिन यह सच है कि सरकार गठन के लिए अभी जो कुछ भी हो रहा है, इसके लिए जनादेश नहीं है। जनादेश जिसके लिए है उसे यह लोग रहने नहीं दे रहे हैं।

बता दें कि तेजस्वी यादव राजधानी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में पार्टी की तरफ से आयोजित अल्पसंख्यक समाज के एक कार्यक्रम में पहुंचे थे जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाने पर तेजस्वी यादव का अभिनंदन किया। इस दौरान राजद के कई वरिष्ठ नेता और सांसद विधायक भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें     -    बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर की आहट? JDU-BJP में बढ़ी दुरी की चर्चा तेज

YouTube Video