रोहतास जिले के डेहरी इलाके से पुलिस ने एक सक्रिय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए उसके सरगना समेत तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की 10 बाइक बरामद की हैं, जिनमें 8 स्प्लेंडर शामिल हैं। साथ ही आरोपियों के पास से नकली चाबियां, बाइक का लॉक तोड़ने वाले औजार और अन्य आपत्तिजनक सामान भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान इरशाद राईन उर्फ शेरू के रूप में हुई है, जिसे डेहरी क्षेत्र से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर दो अन्य सहयोगियों—रंजीत भुइया और बिट्टू कुमार—को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपी औरंगाबाद जिले के निवासी हैं और रोहतास के डेहरी व इंद्रपुरी इलाके में लगातार बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
यह भी पढ़ें : STF ने की बड़ी कार्रवाई, अलग अलग जिलों में छापेमारी कर 8 को दबोचा, लूट के ट्रक के साथ...
जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से वारदात को अंजाम देता था। दिन के समय ये लोग फल बेचने का काम करते थे, ताकि किसी को शक न हो, जबकि रात होते ही ये रिहायशी इलाकों में खड़ी बाइकों को निशाना बनाते थे। आरोपी नकली चाबियों और विशेष औजारों की मदद से बाइक का लॉक तोड़कर आसानी से चोरी कर लेते थे और बाद में उन्हें बेच देते थे।
यह भी पढ़ें : IPL 2026 से पहले CSK को बड़ा झटका! धोनी बाहर, क्या बिना ‘माही’ संभल पाएगी टीम?
इस पूरे ऑपरेशन को डेहरी और इंद्रपुरी थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से गठित विशेष टीम के जरिए अंजाम दिया। रोहतास के एसपी रौशन कुमार ने बताया कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में सक्रिय वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।