darsh news

आपलोगों ने कोई काम किया है? सदन में विपक्ष ने किया भारी हंगामा, सीएम नीतीश ने कहा...

sadan ki karywahi me hngama

पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के दौरान मंगलवार को भी सदन की कार्यवाही हंगामा से भरी रही। इस दौरान विपक्ष ने जम कर हंगामा तो किया ही जवाब देने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी खड़ा होना पड़ा। हालांकि इसके बावजूद विपक्ष शांत नहीं हुआ और नीतीश कुमार होश में आओ के नारे लगाते हुए वेल में पहुंच गया। बाद में उन्हें हटाने के लिए मार्शल तक को बुलाना पड़ा और विधानसभा अध्यक्ष के बारंबार अनुरोध के बाद विधायक अपनी सीट पर वापस लौटे।

सरकार नहीं चलेगी तो चौकीदारों की कौन सुनेगा?

दरअसल मंगलवार को सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष ने सोमवार को दफादार चौकीदारों पर लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया और हंगामा करने लगा। इस दौरान विपक्ष ने कहा कि लाठी डंडों वाली सरकार बिहार में नहीं चलेगी। राजद विधायक कुमार सर्वजीत ने जब लाठीचार्ज का मुद्दा उठाया तो उनके साथ वरिष्ठ विधायक भाई वीरेंद्र समेत पूरा विपक्ष एक हो गया और हंगामा करने लगा। इस दौरान मंत्री विजय चौधरी ने जवाब दिया कि अगर सरकार नहीं चलेगी तो चौकीदारों की बात कौन सुनेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार प्रदर्शन के खिलाफ नहीं है, अगर सरकार रोकना चाहती तो प्रदर्शन होने ही नहीं देती। उन्होंने कहा कि दफादार और चौकीदारों की मांग पर विचार किया जायेगा।

यह भी पढ़ें   -     सड़क पर ही लेट गए लाइब्रेरियन अभ्यर्थी, कहा '1 करोड़ नौकरी का वादा और नियमावली के बावजूद..'

आपलोग तो गड़बड़ करने लगे थे, कभी कुछ किया है?

मंत्री विजय चौधरी के जवाब के बावजूद विपक्ष का हंगामा शांत नहीं हुआ उसके बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद खड़े हो गये और भाई वीरेंद्र को इशारा करते हुए कहा कि हमलोगों की संख्या 202 है और आपलोग पहले ही बहुत कम हैं। इस तरह से बेकार हल्ला मत करिए। आपलोगों ने अपनी सरकार में कोई काम नहीं किया और अब इस तरह से कर रहे हैं। हमने भी दो बार आपलोगों को मौका दिया लेकिन आपलोग तो गड़बड़ करने लगे, इसलिए अब आपके साथ कभी नहीं आयेंगे। मुख्यमंत्री के बयान के बाद सदन का माहौल और भी गर्म हो गया और राजद के विधायक वेल में पहुंच कर नीतीश कुमार होश में आओ के नारे लगाने लगे। हालांकि इस दौरान नीतीश कुमार ने अपने विधायकों की संख्या 202 बताने की जगह 2002 बता दी थी।

मार्शल बुलाने के बाद सीट पर लौटे विधायक

इस दौरान विपक्ष का हंगामा और स्थिति बिगड़ते देख विधानसभा अध्यक्ष ने कई बार शांत करने की कोशिश की लेकिन जब विपक्ष नहीं माना तो फिर मार्शल को बुलाना पड़ा। स्पीकर के बार बार अनुरोध के बाद विपक्ष के विधायक अपनी सीट पर वापस लौटे। इसके साथ ही सदन के बाहर भी विपक्ष के विधायकों ने हंगामा किया और सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी की। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने गृह मंत्री अमित शाह के बिहार आगमन को लेकर कहा कि वे बिहार में आग लगाने और सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगाड़ने आ रहे हैं। वे सिर्फ चुनाव के समय एक्टिव होते हैं लेकिन इस बार वे बिहार में आग लगाने आ रहे हैं। वहीं उन्होंने हेना शहाब के संबंध में सवाल सुनते ही नाराज हो गए और माइक हटा दी।

यह भी पढ़ें   -     NEET छात्रा मामले में CBI जांच हुई तेज, हॉस्टल संचालिका से हुई पूछताछ अब SIT के सदस्य...


Scan and join

darsh news whats app qr