वैशाली: बिहार के वैशाली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां अपनी साली से शादी करने की जिद पर अड़ा एक व्यक्ति मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। व्यक्ति के मोबाइल टॉवर पर चढ़ने की सूचना पर पूरे गांव में अफरातफरी का माहौल हो गया वहीं मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घटना वैशाली के चंदपुरा थाना क्षेत्र के धर्मपुर रामराय पंचायत की है जहां राज कुमार नाम का एक युवक मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया। युवक अपनी साली से शादी करने की जिद पर अड़ा था।  घंटों समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतरा है।

बताया जा रहा है कि मामले की सूचना पर कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद युवक नीचे आया। इस दौरान राज कुमार ने बताया कि वह अपनी साली से प्यार करता है और उसे साली से प्यार चाहिए। युवक ने कहा मेरे इस प्रेम संबंध से मेरी पत्नी को कोई दिक्कत नहीं है। बताया जा रहा है कि युवक की पहले ही शादी हो चुकी है और उसके दो बच्चे भी हैं। युवक ने कहा मेरी शादी के दो या तीन वर्ष बाद ही मुझे अपनी साली से प्यार हुआ। हमने शादी भी कर ली थी लेकिन बावजूद इसके उसके घर वालों ने उसकी दूसरी शादी करवा दी। मेरी साली भी मुझसे किए वादों से मुकर गई। मैं अपने दो बच्चों के साथ ही साली के दोनों बच्चों को भी पालने के लिए तैयार हूं।