पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पद संभालने के साथ पहले ही दिन से काफी सक्रिय दिख रहे हैं। शपथ ग्रहण के दिन उनका पूरा कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहा। पहले ही दिन सम्राट चौधरी मंदिर में जा कर पूजा अर्चना की तो दूसरी तरफ नेताओं, अधिकारियों और कार्यकर्ताओं समेत आमलोगों से मुलाकात भी की। शाम में सम्राट चौधरी राजधानी पटना में स्थित आरएसएस कार्यालय भी पहुंचे।

सम्राट चौधरी के दिन की शुरुआत एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के स्वागत से हुई। इसके बाद उन्होंने चिराग पासवान से 5 देशरत्न मार्ग में जा कर मुलाकात की, फिर मुख्यमंत्री बनने के बाद पंचमुखी हनुमान मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा अर्चना की और आशीर्वाद लिया। शपथ लेने के तुरंत बाद वह सचिवालय पहुंचे जहां पदभार ग्रहण करने के साथ ही अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासनिक प्राथमिकताओं और लंबित कामों को लेकर बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिया कि जनता से जुड़े कामों में देरी नहीं होनी चाहिए।

यह भी पढ़ें   -    शपथ ग्रहण के साथ ही एक्शन में सम्राट, अधिकारियों को कहा 'काम की गति बढ़ाएं'

इसके साथ ही सम्राट चौधरी भाजपा प्रदेश कार्यालय भी पहुंचे जहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वे अपने सरकारी आवास पर कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से भी मुलाकात की तथा लोगों की समस्याएँ सुनी और सीधे संवाद का संदेश दिया। सम्राट चौधरी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से भी मुलाकात की तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजेंद्र नगर स्थित कार्यालय पर भी पहुंच कर वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी मुलाकात की। सम्राट चौधरी ने पहले ही दिन सरकार और संगठन को साथ लेकर चलने का संदेश दिया और बताया कि उनकी प्राथमिकता प्रशासनिक तेजी, राजनीतिक समन्वय और जनता से सीधा जुड़ाव होगी।

यह भी पढ़ें   -    बिहार की नई सरकार में हो गया विभागों का बंटवारा, CM सम्राट के पास 29 तो जदयू कोटे में...