बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सम्राट चौधरी को बधाई देने वाले लोगों का तांता लगा हुआ है। एक तरफ जहां लोग उनसे मुलाकात कर बधाई दे रहे हैं तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर भी बधाइयों का तांता लगा है। इसी कड़ी में बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी सम्राट चौधरी को तंज भरे लहजे में बधाई एवं शुभकामनायें दी। तेजस्वी ने सोशल मीडिया पोस्ट कर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सीएम पद से हटा कर खुद काबिज करने की बधाई दी है।

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर लिखा कि 'सम्राट चौधरी जी द्वारा आज 𝐄𝐥𝐞𝐜𝐭𝐞𝐝 मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी को गद्दी से उतारने की अपनी प्रतिज्ञा पूर्ण करने पर बधाई तथा 𝐒𝐞𝐥𝐞𝐜𝐭𝐞𝐝 मुख्यमंत्री बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि नए माननीय मुख्यमंत्री जी इस कड़वे, अप्रिय एवं कठोर तथ्य से पूर्ण रूप से अवगत होंगे कि 𝟐𝟏 वर्षों के 𝐍𝐃𝐀 शासन उपरांत भी नीति आयोग के अधिकांश मानकों, सत्तत विकास के सभी सूचकांकों सहित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, ध्वस्त विधि व्यवस्था, आय-निवेश, खर्च-खपत, नौकरी-रोजगार, गरीबी-पलायन, एक समान प्रगति-एकरूप संवृद्धि तथा मानव विकास के तमाम संकेतकों में बिहार राष्ट्रीय औसत से अत्यधिक कम और बहुत पीछे है। 

यह भी पढ़ें     -    बिहार को मिला 24वां मुख्यमंत्री, सम्राट चौधरी ने ली शपथ, दो डिप्टी CM के साथ नई सरकार

आशा है कि नए 𝐒𝐞𝐥𝐞𝐜𝐭𝐞𝐝 मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी बिहार की उन्नति, सुख-समृद्धि, शांति, सौहार्द, सुरक्षा और सर्वांगीण सुधार के लिए संकल्पित होकर सशक्त तरीके से काम करेंगे तथा बाहरियों के दिशा निर्देशों के आगे बिहारियों के स्वाभिमान को गिरवी नहीं रखेंगे। प्रादुर्भाव से समाजवादी श्री सम्राट चौधरी जी को पुन: हार्दिक शुभकामनाएं।

नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तेजस्वी यादव के द्वारा तंज भरे बधाई को लेकर एक बार फिर बिहार की राजनीति में बयानबाजी का दौर शुरू होने के आसार हैं। उम्मीद है कि NDA के नेता तेजस्वी यादव पर जबरदस्त रूप से हमलावर होंगे।

यह भी पढ़ें     -    शपथ के साथ ही किया पदभार ग्रहण और अधिकारियों के साथ बैठक, फिर सम्राट पहुंचे BJP ऑफिस