पटना: बिहार की नवगठित सम्राट सरकार आज विधानसभा में विश्वास मत पास करने जा रही है। विधानसभा की सत्र के शुरुआत में पहले सीएम सम्राट ने विश्वास मत का प्रस्ताव पेश किया और उसके बाद सदन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने NDA और भाजपा पर जम कर हमला बोला। इस दौरान तेजस्वी ने भाजपा पर पूर्व सीएम नीतीश कुमार को फिनिश करने का आरोप लगाया तो दूसरी तरफ राजद से निकले नेता सम्राट चौधरी को सीएम बनने पर ख़ुशी भी जताई। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के संबोधन पर हंगामा शुरू हो गया जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार को बीच में आ कर हंगामा शांत करना पड़ा।

विधानसभा में संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि आज सम्राट चौधरी ने एक एलेक्टेड सीएम को हटा कर सिलेक्टेड सीएम बनने का अपना संकल्प पूरा कर लिया इसके लिए उन्हें बधाई देता हूं। आपके सीएम बनने से हम तो खुश हैं क्योंकि आप लालू जी के पाठशाला से निकले हैं लेकिन भाजपा के ही लोग दुखी हैं क्योंकि कई असली भाजपाई ऐसे हैं जिन्हें मौका नहीं मिला। तेजस्वी ने कहा सम्राट चौधरी आप सीएम तो बन गए लेकिन अपनी पगड़ी संभाल कर रखियेगा क्योंकि उस पर आपके ही सहयोगी विजय सिन्हा जी की नजर है। आपको अपनी ही पार्टी भाजपा के लोगों से ही खतरा है। हालांकि तेजस्वी ने सरकार को यह आश्वासन भी दिया कि बिहार की सरकार को राजद की तरफ से हर सहयोग दिया जायेगा ताकि बिहार का विकास किया जा सके। तेजस्वी यादव के इन बयानों के बाद सत्ता पक्ष के विधायकों ने विरोध शुरू कर दिया और सदन में हंगामा शुरू हो गया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार ने बीच बचाव किया और हंगामा शांत करवाया।

यह भी पढ़ें     -       विधानसभा में सम्राट सरकार के लिए अग्नि परीक्षा, आसानी से साबित करेगी बहुमत

सदन को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव को उनके बयानों पर जवाब दिया और कहा कि मैं लालू यादव की पाठशाला से नहीं बल्कि उनके अत्याचार की वजह से आज मुख्यमंत्री बना हूं। सम्राट चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन समेत पार्टी के अन्य वरीय नेता और बिहार की जनता को धन्यवाद कहा। उन्होंने कहा कि बिहार में NDA की सरकार चल रही है और हमने हमेशा किसान, गरीब, मजदूर की चिंता की। नीतीश कुमार के शासनकाल में सबसे अधिक सुशासन स्थापित किया गया। बिहार में सरकारी नौकरियों की बाहर आई, महिलाओं के जीवन का उत्थान किया गया, छोटी बच्चियों को स्कूल पहुँचाया गया, एतिहासिक शराबबंदी जैसा कदम भी नीतीश कुमार ने उठाया था।

सम्राट चौधरी ने कहा कि मैं आप सबको आश्वस्त करता हूँ कि प्रधानमन्त्री चाहते हैं कि देश विकसित हो और हमारे नेता नीतीश कुमार चाहते हैं कि बिहार समृद्ध हो, तो हम इस पर काम करेंगे। नीतीश कुमार जिस तरह से कहते हैं कि हम CCC से समझौता नहीं कर सकते हैं तो आगे भी किसी कीमत पर समझौता नहीं किया जायेगा। कुछ लोगों को लगता है कि हमारा पार्ट है तो गलतफहमी से निकलिए। सत्ता किसी की बपौती नहीं है। आज बिहार की जनता का नीतीश कुमार का, मोदी जी, नितिन नबीन, और अन्य वरीय नेताओं का आशीर्वाद है तभी मैं सीएम हूँ। नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री बनाना था, समता पार्टी का निर्माण हुआ और मेरे पिता जी संस्थापक सदस्य थे। लालू जी ने मेरे परिवार के 22 सदस्यों को जेल भेजा। लालू जी ने मिलर स्कूल के मैदान में क्षमा भी मांगी थी।

यह भी पढ़ें     -       आज से राज्य में मौसम लेगी करवट? अगले 7 दिनों तक गर्मी से ऐसे मिलेगी राहत...

सम्राट ने तेजस्वी पर पलटवार करते हुए कहा कि मैंने कई बार कहा कि नीतीश जी नहीं होते तो लालू जी मुख्यमंत्री होते क्या? कोई किसी के पाठशाला से नहीं होता, मैंने तो कहा कि मेरी राजनीति में लालू यादव जी का अत्याचार नहीं होता तो मैं मुख्यमंत्री नहीं बन पाता। मैं जेल नहीं जाता तो फिर राजनीति में ही नहीं आता। कोई किसी का पाठशाला नहीं है, यह लोकतंत्र है। यही भाजपा है जिसने मुझे नेता प्रतिपक्ष बनाया, पार्टी का अध्यक्ष बनाया, दो बार डिप्टी सीएम बनाया और मुख्यमंत्री भी बनाया। आप किस गलतफहमी में हैं? पूरी पार्टी एक है, आप कोई गलतफहमी में मत रहिएगा। हम सब एक हैं और पूरा NDA कुनबा एक साथ मिल कर बिहार का विकास करेंगे।

सीएम सम्राट ने कहा कि 1995 में मैं माइनर था, अगर मैं माइनर था तो जेल में रहता क्या? मुझे बाल सुधार गृह में रखा जाता। मैंने हर कोर्ट में लड़ा है और कोर्ट के आदेश को मानता हूँ। उन्होंने तेजस्वी यादव को डिग्री के मामले पर भी करार जवाब दिया और कहा कि डिग्री में भाई आप पीछे छुट गए। जब तक मेरी डिग्री वेरीफाई नहीं हुआ तब तक मैंने उसे एफिटडेविट में नहीं डाला। मैं छठी बार मंत्री के दर्जे में हूं, आज मुख्यमंत्री हूं। लालू जी सबसे पहले युवा मुख्यमंत्री बने लेकिन बिहार को लूटने में लग गए, मुझे बिहार को समृद्ध बनाने के लिए काम करना है। नीतीश जी और प्रधानमंत्री के संकल्प के ली मुझे काम करना है। एक करोड़ युवाओं को रोजगार और नौकरी देना है। प्रधानमंत्री महिलाओं के सम्मान में आगे बढ़ रहे हैं।

अभी आपलोग कह रहे थे आरक्षण के अंदर आरक्षण दीजिये। आज देखिये यहां 29 महिला विधायक हैं जिसमें 23 ओबीसी या दलित हैं। आज अगर आरक्षण विधेयक पास हो जाता तो 29 नहीं 102 महिलाएं जीत का आती। नीतीश जी ने पंचायती राज में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया और आपको ख़ुशी होनी चाहिए आज नगर निकाय और पंचायती राज में 59 प्रतिशत महिलाएं जीत कर आई हैं। मैं गारंटी देता हूँ कि बिहार की पुलिस काम करेगी और महिलाओं के प्रति कोई भी गलत काम करने वाले को पाताल से पुलिस खोज निकालेगी। इस दौरान सीएम सम्राट ने NDA के सभी नेताओं और जनता का आभार प्रकट किया और कहा कि विपक्षी दलों का सम्मान भी जनता के सामने रख सकूं। इस दौरान ध्वनिमत से सम्राट की सरकार का बहुमत साबित हुआ।

यह भी पढ़ें     -       राज्य की वित्तीय स्थिति को लेकर CM ने की समीक्षा बैठक, कहा 'सुनियोजित ढंग से करें काम'