बिहार के रहने वाले पूरे परिवार की चेन्नई में हत्या, परिवार के लोगों में कोहराम...
शेखपुरा: बड़ी खबर शेखपुरा से आ रही है जहां के एक दंपत्ति की बच्चे समेत चेन्नई में बदमाशों ने हत्या कर दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया वहीं चेन्नई की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि अभी तक पिता और दो वर्ष के मासूम का शव पुलिस ने बरामद कर लिया है जबकि महिला का शव अब तक बरामद नहीं किया जा सका है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार पुलिस ने अब तक 7 लोगों को हिरासत में भी लिया है और पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार समेत पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है।
मृतक की पहचान शेखपुरा के पथलाफार गांव निवासी गौरव कुमार के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने मृतक और उसकी पत्नी समेत दो वर्ष के मासूम की हत्या कर शव को अलग अलग फेंक दिया जिसमे से पुलिस ने पिता पुत्र का शव बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि चेन्नई के अड्डयार इलाके में एक बोरी से दुर्गन्ध आने पर जब पुलिस ने छानबीन की तो उसमें से मृतक का शव बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने छानबीन शुरू की और कुछ लोगों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि मृतक की पत्नी और बेटे की भी हत्या कर उन्होंने शव को फेंक दिया है।
यह भी पढ़ें - बुलडोजर पर पत्थर भारी: अवैध अतिक्रमण हटाने गई टीम को हटना पड़ा पीछे फिर तो...
घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के भाई ने शव की शिनाख्त की। फ़िलहाल पुलिस मृतक की पत्नी का शव तलाश रही है जबकि पिता पुत्र का शव परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक के भाई ने बताया कि घरेलू विवाद की वजह से मृतक गौरव अपने परिवार के साथ ससुराल में रहता था और वह चेन्नई में रह कर गार्ड की नौकरी करता था। बीते 15 जनवरी को ही वह अपनी पत्नी और बच्चा को लेकर चेन्नई गया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स और पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एक यौन शोषण और आपसी विवाद की वजह से बदमाशों ने गौरव समेत उसके परिवार की हत्या कर दी।
यह भी पढ़ें - पदस्थापन का इंतजार कर रहे BAS के अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी, दो दर्जन अधिकारी किये गए इधर से उधर भी...
शेखपुरा से धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट