सीतामढ़ी नगर थाना क्षेत्र के प्रताप नगर मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। मृतक की पहचान रुद्र प्रताप के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि युवक बीती रात पड़ोस की एक लड़की के घर गया था, जिसके बाद सुबह उसकी लाश मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं।घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी सदर अस्पताल भेज दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें : UPSC, BPSC, JEE और NEET की तैयारी अब होगी फ्री…. पूरी योजना जानिये यहाँ ।

मामले को लेकर मृतक की मां ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि रुद्र प्रताप की एक लड़की से बातचीत होती थी और उसी संबंध के कारण उनके बेटे की जान गई है। मां के इस बयान के बाद पुलिस ने प्रेम प्रसंग के एंगल को भी जांच में शामिल कर लिया है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य और नमूने एकत्र किए हैं, जिससे मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

यह भी पढ़ें : बिहार में मौसम का बड़ा पलटवार… गरज-चमक, तेज आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट

फिलहाल इस घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और लोगों में डर का माहौल है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।