मोतिहारी में चर्चित जहरीली शराब कांड को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इस मामले के दो मुख्य आरोपी सुनील साह और कन्हैया यादव ने सोमवार को अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। दोनों आरोपियों की लंबे समय से पुलिस को तलाश थी और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। जानकारी के अनुसार, जहरीली शराब कांड के बाद से ही पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कई जगहों पर दबिश दी थी। हालांकि, दोनों आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर थे। इसी बीच अचानक कोर्ट में आत्मसमर्पण कर उन्होंने सबको चौंका दिया। आत्मसमर्पण की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया।

यह भी पढ़ें : राजधानी पटना में फिर हुआ दिनदहाड़े धांय धांय, अपराधियों ने दो व्यक्ति को मार दी गोली...

सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार खुद कोर्ट पहुंचे और आरोपी सुनील साह से पूछताछ शुरू की। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस कांड में और कौन-कौन लोग शामिल थे। सूत्रों की मानें तो पूछताछ में कई अहम खुलासे हो सकते हैं। इस जहरीली शराब कांड ने इलाके में काफी दहशत और आक्रोश पैदा कर दिया था। कई लोगों की तबीयत बिगड़ने और मौत की खबरों के बाद प्रशासन पर भी सवाल उठे थे। अब मुख्य आरोपियों के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस को मामले की तह तक पहुंचने में मदद मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें : ...तो नीतीश की जगह लेंगे बेटे निशांत? विधान परिषद के गेस्ट हाउस उद्घाटन के बाद कार्यकर्ताओं ने लगाये नारे...

फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि पूछताछ के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

YouTube Video