नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को एक बड़ी सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। एक तेज रफ़्तार कार दिल्ली विधानसभा की गेट में धक्का मारते हुए बैरीकेडिंग तोड़ अंदर घुस गई और करीब पांच मिनट तक इधर उधर दौड़ लगाने के बाद फिर बाहर भी निकल गई। हालांकि इस दौरान वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उसे कार चालक को पकड़ने की कोशिश की लेकिन नाकाम रहे वहीं कार चालक कार समेत भागने में सफल रहा। घटना के बाद आसपास के इलाके में सनसनी फ़ैल गई वहीं भारी संख्या में पुलिस और अन्य सुरक्षाबल मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गई।
यह भी पढ़ें - नक्सलियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन के दौरान IED ब्लास्ट, CRPF का एक जवान...
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे के करीब सफ़ेद रंग की एक तेज रफ़्तार कार दिल्ली विधानसभा के गेट नंबर 2 के पास आई और गेट में धक्का मारते हुए अंदर चली गई। इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष के चैम्बर की तरफ जा कर चालक ने एक बुके रखा और फिर कार को तेज गति से भगाते हुए वहां से निकल गया। हालांकि उस बुके में कोई संदिग्ध या विस्फोटक बरामद नहीं किया गया है लेकिन राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के विधानसभा में इस तरह की हरकत भारी सुरक्षा चूक में गिनी जाएगी। फिलहाल पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां चार के नंबर के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार कार उत्तर प्रदेश के पीलीभीत की है, जिसकी तलाश अब पुलिस करने में जुट गई है। घटना को लेकर एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि एक सफेद रंग की कार गेट तोड़ अंदर घुसी और करीब 5 मिनट तक परिसर में इधर उधर घूमने के बाद बाहर निकल कर भाग गई। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। बता दें कि अभी हाल ही में बजट सत्र के दौरान विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई थी, हालांकि गनीमत ही है कि अब तक कोई अवांछित घटना नहीं घटी है।
यह भी पढ़ें - बिहार की जीविका दीदियां लगातार लिख रही कामयाबी की इबारत, बिजली विभाग में मिली एक नई जिम्मेदारी...





