पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के बाद लोगों में उम्मीद जगी थी कि अब अपराध पर नियंत्रण होगा साथ पुलिस की लाख कोशिशों के बावजूद अपराधी अपने कारनामों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। राजधानी पटना में भी अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ा हुआ है। इतना ही नहीं अपराधी वीवीआईपी इलाका यहां तक कि पुलिस मुख्यालय में तैनात बड़े अधिकारियों के घर के आसपास भी आपराधिक वारदातों को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला राजधानी पटना के वीवीआईपी इलाका राजेंद्र नगर रोड नंबर 6 के समीप का है जहां बदमाशों ने एक महिला के साथ छिनतई की घटना को अंजाम दिया और भाग निकले।

यह भी पढ़ें   -    आज दिल्ली जाएंगे CM सम्राट, PM से कर सकते हैं मुलाकात

घटना पुलिस मुख्यालय में तैनात DG और ASP आवास के समीप बदमाशों नने एक बड़े व्यवसायी के परिवार की महिला के साथ छिनतई की। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि व्यवसायी संथालिया परिवार की महिला अपनी बेटी के साथ कहीं से घर में आ रही थी। इसी दौरान घर से महज चंद कदम की दूरी पर बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके गले से सोने के चेन झपट लिया। बताया जा रहा है कि 20 ग्राम का चेन था जो छिनतई के दौरान टूट गया। बदमाश आधा चेन लेकर ही बाइक से भाग निकले।

घटना के बाद इलाके के लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों ने कहा कि कदमकुआं थाना क्षेत्र में इन दिनों छिनतई की घटना में काफी बढ़ोतरी हुई है। महज एक सप्ताह में 4 से 5 छिनतई की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है। फ़िलहाल घटना की सूचना पर कदमकुआं थाना की पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है साथ ही आसपास के सीसीटीवी फूटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें   -    बिहार में गर्मी लेने लगा है रौद्र रूप, कई जिलों में पारा 40 पार, स्कूलों की बदली टाइमिंग

पटना से चंदन तिवारी की रिपोर्ट