फंदा जमीन को छू रहा था, हाथों पर थे निशान… 19 साल की मौत बनी पहेली
गोपालगंज जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के नवादा परसौनी गांव में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चंवर स्थित बांसवार में शीशम के पेड़ से एक युवती का शव फंदे से लटका हुआ मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतका की पहचान गांव निवासी शेख शहाबुद्दीन की 19 वर्षीय अविवाहित पुत्री शमशीदा उर्फ सरला के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शमशीदा बुधवार की शाम अचानक घर से लापता हो गई थी। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कुछ पता नहीं चला, तो गुरुवार सुबह गांव के बाहर पेड़ से शव मिलने की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें: बिहार में सुरक्षा पर सियासत गरमाई: BJP नेताओं को Z सुरक्षा, तेजस्वी समेत विपक्ष की घटी सुरक्षा
घटना की जानकारी मिलते ही उचकागांव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही हथुआ के एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतका के कपड़ों से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस जांच में कुछ ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो कई सवाल खड़े कर रहे हैं। मृतका के दोनों हाथों पर जख्म के निशान पाए गए हैं, वहीं फंदा जमीन को छू रहा था। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस इस मामले को गंभीरता से जांच रही है।
यह भी पढ़ें: लव स्टोरी या प्लान्ड फ्रॉड? पुलिस जांच में उलझा मामला
परिजनों का कहना है कि शमशीदा मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, इसलिए उन्होंने इसे आत्महत्या का मामला बताया है। हालांकि पुलिस आत्महत्या और हत्या—दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। इस मामले में हथुआ के सीडीपीओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है।