मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक निजी चिकित्सक पर युवती को शादी का झांसा देकर पांच वर्षों तक रिलेशनशिप में रखने और बाद में दहेज की मांग कर छोड़ देने का आरोप लगा है। पीड़ित युवती ने थाने में आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पीड़िता के अनुसार, करीब पांच वर्ष पहले उसकी बहन का ऑपरेशन हरसिद्धि बाजार स्थित रौशन हॉस्पिटल में हुआ था। इसी दौरान उसकी पहचान अस्पताल संचालक डॉ. नीरज कुमार से हुई। संपर्क बढ़ने के बाद डॉ. नीरज ने उससे शादी का वादा किया और उसे लंबे समय तक रिलेशनशिप में रखा। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान चिकित्सक उसे नेपाल, रामनगर सहित कई अन्य स्थानों पर अपने साथ रखता रहा।
यह भी पढ़ें: प्यार की सजा मौत !! अंतरजातीय विवाह करने पर युवक को उसके साढ़ू और बाप ने ही पीट-पीटकर उसकी ....जरुर पढ़ें
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि करीब आठ महीने पहले डॉ. नीरज ने हरसिद्धि स्थित अपने क्लिनिक में उससे शादी की। शादी के बाद कुछ समय तक वह उसे अलग-अलग जगह घुमाने के बहाने अपने साथ रखता रहा, लेकिन बाद में उसे छपवा में छोड़ दिया। जब युवती ने अपने ससुराल ले जाने की बात कही तो डॉ. नीरज और उसके परिजनों ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया।

पीड़िता का कहना है कि डॉ. नीरज, उसके पिता *मुख्तार साहनी, भाई अरविंद कुमार, बहन आरती कुमारी और मां मिलकर उससे 10 लाख रुपये और एक गाड़ी की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। साथ ही आरोपी चिकित्सक द्वारा दूसरी शादी की तैयारी भी की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।