पटना: बिहार में 2025 में NDA की सरकार बनने के बाद से लगातार अपराध और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई जारी है। बिहार में इन दिनों लगभग प्रत्येक दिन कहीं न कहीं भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई हो रही है। इसी कड़ी में शनिवार की अहले सुबह विशेष निगरानी इकाई एक भ्रष्ट एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के यहां छापेमारी करने पहुंची है। बताया जा रहा है कि एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की जा रही है और SVU की टीम बरामद दस्तावेज के माध्यम से संपत्ति और उसके सबूत खंगालने में जुटी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार SVU की टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर राजीव कुमार के पास आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में पटना के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी करने पहुंची है। उनके विरुद्ध आय से करीब 1.10 करोड़ रूपये की अधिक अवैध संपत्ति का आरोप है। शनिवार को SVU की टीम उनके तीन ठिकानों पर एक साथ पहुंची और जांच में जुट गई है। SVU की टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के राजधानी पटना के रामनगरी में स्थित सुमित चंद्रम गृह अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट संख्या B-202, पंत भवन में स्थित कार्यालय और दानापुर के खगौल रोड में स्थित वीनस लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट के फ्लैट संख्या 807 में छापेमारी के लिए पहुंची है।

यह भी पढ़ें     -  महिला आरक्षण विधेयक को सदन में नहीं मिला दो तिहाई बहुमत, तीनों विधेयक गिरा, सरकार ने साधा निशाना तो विपक्ष ने कहा 'स्वीकार्य नहीं'

SVU की टीम एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान गहन तलाशी के साथ ही बरामद दस्तावेजों को खंगाल रही है साथ ही उनके द्वारा अर्जित संपत्ति और अवैध संपत्ति का पता लगाने में जुटी हुई है। एक जानकारी के अनुसार दानापुर स्थित वीनस लैंडमार्क गोल्ड अपार्टमेंट में स्थित फ्लैट में सेना के एक अधिकारी किराये पर रहते हैं। उक्त फ्लैट अभी बंद है जिसके बाद SVU यह पता लगाने में जुटी है कि सैन्य अधिकारी का नाम क्या है और उन्होंने कब से फ्लैट किराये पर ले रखा है। इसके साथ ही अन्य डाक्यूमेंट्स की भी जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें     -  दो दिवसीय एमिटी फिल्म महोत्सव में जुटे देश भर के दिग्गज कलाकार, विजेताओं को किया गया सम्मानित