पटना: बिहार में नई सरकार के गठन के पहले से ही राज्य में राजनीति काफी गर्म है। एक तरफ जहां नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ कर सबको चौंकाया तो दूसरी तरफ भाजपा ने महज 9 साल पहले पार्टी में शामिल होने वाले नेता सम्राट चौधरी को सीएम बना कर भी कम नहीं चौंकाया। इस बीच मंगलवार की देर रात एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया जहां राजद सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे और जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने जन सुराज के संयोजक प्रशांत किशोर से मुलाकात की।
मुलाकात की जानकारी तेज प्रताप यादव ने खुद ही सोशल मीडिया के माध्यम से दी। उन्होंने इस मुलाकात को जनहित और भविष्य की राजनीति के लिए अहम कदम बताया। इसके साथ ही तेज प्रताप यादव ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भी टैग किया है। तेज प्रताप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है कि 'आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात Prashant Kishor जी से हुई, जहाँ हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। इस दौरान जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई। यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी, बल्कि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर विचार-विमर्श हुआ जो आने वाले समय में राजनीति की दिशा तय कर सकते हैं। मैं, तेज प्रताप यादव, इस संवाद को अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में देखता हूँ, जहाँ सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प और भी मजबूत हुआ।'
तेज प्रताप यादव और प्रशांत किशोर के मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारे में यह चर्चा शुरू हो गई है कि क्या राज्य में अब नया समीकरण बनेगा? हालांकि इस मुलाकात को लेकर तेज प्रताप ने सिर्फ बातचीत और चर्चा की बात कही है, फिलहाल किसी भी राजनीतिक हलचल के लिए इंतजार करना पड़ेगा।