बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राज्य में लॉ एंड ऑर्डर की समस्या को लेकर लगातार सरकार पर हमलावर हैं। एक बार फिर उन्होंने समस्तीपुर में खुनी खेल को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर जोरदार हमला किया है। तेजस्वी ने तंज कसते हुए कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की हालत बेहद खराब हो चुकी है। ऐसा एक भी दिन नहीं है जब आपराधिक घटनाएं न हो। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री अपने पास 29 विभाग रखे हुए हैं और इसी में वह परेशान हैं तो फिर गृह विभाग पर कहाँ से ध्यान दे पाएंगे।

तेजस्वी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर हमला किया है। उन्होंने लिखा है कि 'जब सिर पर ताज हो गया ‘अपराधी सब सम्राट हो गया’। समस्तीपुर में दिनदहाड़े अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल है। NDA सरकार में कानून व्यवस्था बेहद खराब हो चुकी है। हालात ऐसे हो चुके हैं कि बिहार का कोई भी ऐसा इलाका नहीं है, जहां लोग सुरक्षित है। दिनदहाड़े हर गांव, हर टोले, हर शहर में हत्याएँ हो रही है। स्वर्ण व्यवसायियों को लूटा जा रहा है, स्थिति ऐसी है कि कभी भी कोई कनपट्टी पर पिस्टल तान देता है।

यह भी पढ़ें   -    नीतीश ने श्रवण कुमार को दिया बड़ा तोहफा, बने JDU विधायक दल के नेता

विगत दो वर्ष में एक हजार से अधिक स्वर्ण व्यवसायियों के शोरूम और दुकानों को लूटा गया है, सैंकड़ों की गोली मारकर हत्या की गयी है, फिर भी मंगलराज है। बिगड़ी हुई बिहार की कानून व्यवस्था में भाजपाई मुख्यमंत्री एक साथ 29 विभागों को संभालने में औल-बौल हैं। गृह विभाग पर क्या ही ध्यान देंगे, यदि ध्यान देते, तो आज ऐसी स्थिति नहीं होती।

बता दें कि सोमवार को समस्तीपुर के कल्यानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर भुआल गांव में बाइक सवार तीन बदमाशों ने बुलेट सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इस दौरान दोनों युवक बुलेट छोड़ जब भागने लगे तो अपराधियों ने उनका काफी दूर तक पीछा कर कई गोलियां मारी। घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को भी तीन गोलियां लगी है। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए दरभंगा स्थित DMCH में भर्ती कराया गया है। वहीं घटना की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। 

यह भी पढ़ें   -    मुश्किल में फंसे पूर्णिया के सांसद, इस बयान पर महिला आयोग ने नोटिस भेज पूछा 'क्यों नहीं आपकी...'