सीवान: कभी लालू यादव के खास रहे पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के बेटे और तेजस्वी यादव के विधायक ओसामा शहाब की मुश्किलें बढती ही जा रही है। अभी हाल ही में एक जानलेवा हमला मामले में उनके ऊपर प्राथमिकी दर्ज की गई थी और अब एक और मामला दर्ज किया गया है। ताजा मामला में ओसामा के ऊपर मारपीट तथा सीसीटीवी कैमरा तोड़ने समेत परिणाम भुगतने की धमकी का आरोप लगा है। यह आरोप गोपालगंज के माझागढ़ थाना क्षेत्र के कमनपुरा सह वर्तमान में न्यू यमन, सहारा स्टेट खोरावार उर्फ़ सूबा बाजार गोर गोरखपुर निवासी डॉ विनय सिंह की पत्नी डॉ सुधा सिंह ने लगाया है।
महिला डॉक्टर ने सीवान के महादेवा थाना में रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब के विरुद्ध आवेदन दे कर आरोप लगाया है कि उन्होंने थाना क्षेत्र के झुनापुर स्थित मेरे भूमि पर किये जा रहे चारदीवारी के निर्माण कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया। हमारे कर्मियों के साथ मारपीट की तथा सीसीटीवी कैमरा तोड़ कर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में महिला चिकित्सक ने कहा है कि 2024 के सितंबर महीने में उन्होंने भूमि अपने नाम करवाई तथा जमाबंदी अंचल कार्यालय से विधिवत कार्रवाई करते हुए मेरे एवं मेरे पति के संयुक्त नाम से अंचल कार्यालय के पंजी दो में कायम की गई।
यह भी पढ़ें - बिहार के विधायक से दूसरी बार बदमाशों ने मांगी रंगदारी, कहा 'नहीं दिया तो फिर मार देंगे...'
पीड़ित चिकित्सक ने कहा कि करीब तीन महीने पहले उक्त भूमि पर हमने निर्माण कार्य शुरू किया और जमीन के चारों तरफ 12 फीट उंची दीवार तथा एक कमरा बनाया। इसी बीच ओसामा शहाब ने उस भूमि पर अपना दावा ठोक दिया और कहा कि इस पर मुकदमा भी चल रहा है इसलिए अपना निर्माण कार्य बंद कर कागजात मुझे दें ताकि मैं यह समझ लूं कि किसका कागजात सही है। मैंने उन्हें कागजात उपलब्ध करा दिया, जिसके बाद उन्होंने आश्वस्त भी किया कि अगर आपका कागजात सही हुआ तो आप निर्माण कार्य करवा सकते हैं, मुझे कोई आपत्ति नहीं है।
इसके बाद मेरे पति ने ओसामा से व्यक्तिगत तथा मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन किसी भी तरह से वह संभव न हो सका। इसके बाद हमने अपना निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इसी बीच 14 अप्रैल को ओसामा ने मेरे पति को कॉल कर निर्माण कार्य बंद करने कहा और जब मेरे पति ने कारण पूछा तो उन्होंने 30-40 लोगों को हथियार से लैस कर निर्माण स्थल पर भेज दिया। उन लोगों ने वहां मेरे कर्मियों की पिटाई की और इसी दौरान फरहान और सबीर नाम ने मेरे कर्मियों के मोबाइल छीन लिए तथा सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ कर अपनी गाड़ी में रख कर ले गए। उन लोगों ने मेरे कर्मियों के कटर मशीन और अन्य सभी सामान भी छीन ली तथा वापस गोरखपुर जाने की धमकी देते हुए वापस लौट गए। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।
यह भी पढ़ें - निशांत के सामने नीतीश का नाम लेते ही अशोक चौधरी के छलक पड़े आंसू, कहा 'उनके साथ काम करने का अनुभव ही कुछ और था'