पटना: बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद छोड़ने और सम्राट चौधरी के नए सीएम बनने की घोषणा के बाद से ही विपक्ष NDA पर लगातार हमलावर है। एक बार फिर तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर जोरदार हमला बोला है साथ ही अख़बारों में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की फोटो के साथ विज्ञापन छपने पर कई सवाल किया है। तेजस्वी यादव ने इसे कोर्ट के आदेश का उल्लंघन बताते हुए राज्य की जनता के पैसे का दुरूपयोग बताया है।
तेजस्वी यादव ने एक अख़बार के मुख्य पेज का फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा है कि 'आज 𝟏𝟔 अप्रैल को बिहार सरकार के ‘सूचना जनसंपर्क विभाग’ की तरफ से नीतीश कुमार (राज्यसभा सांसद) की तस्वीर के साथ अखबारों में फुल पेज विज्ञापन छपवाया गया। ये वही बिहार है, जो देश का सबसे ग़रीब राज्य है जहां हर व्यक्ति पर औसतन ₹𝟐𝟕,𝟎𝟎𝟎 का कर्ज है। वही बिहार, जहां करीब 𝟓 लाख सरकारी कर्मचारियों को अब तक वेतन नहीं मिला है। लेकिन ‘𝐒𝐞𝐥𝐞𝐜𝐭𝐞𝐝 𝐂𝐌’ के राज में राजनीति चमकाने के उद्देश्य से लाखों रूपये का विज्ञापन छपावाया गया। यह राज्य वासियों के पैसे का दुरूपयोग भी है। बिहार सरकार किस हैसियत से एक राज्यसभा सांसद की तस्वीर छाप सकती है? क्या पहले ऐसा कभी हुआ? नहीं, तो फिर क्या यह कोर्ट के आदेश का उल्लंघन नहीं है?
यह भी पढ़ें - निशांत अचानक पहुंचे विधायकों से बैठक करने JDU ऑफिस, सीएम सम्राट को बताया बड़ा भाई और दी बधाई
बता दें कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को अपने पद से इस्तीफा दिया और बुधवार को नए सीएम के रूप में सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण की। शपथ ग्रहण के बाद भी तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर तंज कसते हुए और सम्राट चौधरी को बधाई दी थी। तेजस्वी ने सम्राट चौधरी को लिखा था कि आपको एक Elected CM को हटा कर Selected CM बनने की हार्दिक बधाई। इसके बाद राज्य के सूचना एवं जन-संपर्क विभाग ने नए सीएम सम्राट चौधरी और पूर्व सीएम नीतीश कुमार की फोटो का एक विज्ञापन अख़बारों में छपवाया है। इस विज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी फोटो है।
इसके साथ विज्ञापन में लिखा है कि 'माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन में बिहार सरकार लोगों की आकाँक्षाओं को पूरा करेगी तथा बिहार प्रगति, समृद्धि और आत्मनिर्भरता के पथ पर तेजी से आगे बढ़ते हुए विकास की नई उंचाइयों को छुएगा। नई जिम्मेदारी-नया संकल्प। अब इस विज्ञापन में राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार के फोटो को लेकर तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधा और जनता के पैसे के दुरूपयोग का आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें - लापरवाही या विफलता? शंभू गर्ल्स हॉस्टल के मालिक मनीष रंजन को मिली जमानत