जीत के दावे से परिणाम का इंतजार तक, वोटिंग के लिए नहीं पहुंचे 3 विधायक तो तेजस्वी ने कहा...
पटना: बिहार विधानसभा में राज्यसभा की पांच सीटों पर चुनाव के लिए मतदान जारी है। मतदान से पहले सही एक तरफ NDA सभी पांच सीटों पर जीत के दावे कर रहा है तो दूसरी तरफ महागठबंधन भी एक सीट पर अपना दावा ठोक रहा है। इन दावों और वादों के बीच सोमवार की सुबह 9 बजे से वोटिंग भी शुरू हो गई और दोपहर ढाई बजे तक महागठबंधन के तीन विधायक मतदान के लिए नहीं पहुंचे। महागठबंधन के विधायक के मतदान के लिए नहीं पहुँचने के बाद कई तरह की चर्चाएँ शुरू हो गई।
वहीं एक सीट पर अपने उम्मीदवार की जीत के दावे करने वाले नेता प्रतिपक्ष एवं राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव अब भी उम्मीदों पर टिके हुए हैं। महागठबंधन के सभी विधायकों के द्वारा मतदान नहीं किये जाने के सवाल पर तेजस्वी ने कहा कि अभी मतदान की प्रक्रिया चल ही रही है। वोटिंग 3 बजे तक है और मुझे लगता है इंतजार करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने अपने विधायकों के आने के सवाल पर कहा कि अभी वोटिंग का समय बचा हुआ है और तब तक कुछ कहा नहीं जा सकता है।
यह भी पढ़ें - तेजस्वी से मिलने पहुंची मांझी की बहू और समधन, मचा सियासी घमासान, पार्टी ने दी सफाई
इस दौरान तेजस्वी ने क्रॉस वोटिंग के सवाल पर कहा कि थोड़ी देर बाद ही परिणाम भी आ ही जायेगा, उसका इंतजार कर लीजिये। वहीं NDA के द्वारा सभी सीटें जीतने के दावे पर तेजस्वी ने कहा कि एक सीट पर जीत के लिए हमें 6 विधायकों की जरूरत थी जो कि AIMIM और बसपा के विधायक को जोड़ कर पूरा हो रहा है। वे लोग हमें समर्थन भी दे रहे हैं। अभी तो न पूरी वोटिंग हुई है और न ही परिणाम आया है। मतदान हो लेने दीजिये और फिर परिणाम भी आ जायेगा तो सब क्लियर हो जायेगा कि कौन जीत रहा और कौन हार रहा है। इसके साथ ही किसने क्रॉसवोटिंग किया और कौन अनुपस्थित रहा यह भी साफ हो जायेगा।
बता दें कि राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 12 वर्ष बाद बिहार में मतदान चल रहा है। पांच सीटों में से चार पर NDA की जीत तय है जबकि एक सीट के लिए महागठबंधन भी अपना दावा ठोक रहा है लेकिन इस बीच वोटिंग के दौरान कांग्रेस के दो और राजद के एक विधायक वोट डालने नहीं पहुंचे हैं। इस के साथ ही NDA लगातार दावा कर रहा है कि हमारे सभी उम्मीदवार जीत रहे हैं। 3 वोटों की कमी के सवाल पर NDA के नेताओं का कहना है कि हम कोई खरीद फरोख्त नहीं करते बल्कि हमारी सरकार के काम काज को देखते हुए विपक्ष के भी विधायक हमसे प्रभावित हैं और वे अपनी स्वेच्छा से हमारे उम्मीदवार के पक्ष में वोट डालेंगे।
यह भी पढ़ें - महागठबंधन के लिए मुश्किल घड़ी, वोटिंग के लिए नहीं पहुंचे MLA, तेजस्वी ने कहा...