पटना: नीतीश कुमार ने बिहार की सत्ता की बागडोर संभालते ही कहा था कि वह CCC यानि क्राइम, करप्शन और कम्युनलिज्म से कोई समझौता नहीं करेंगे। हालांकि नीतीश कुमार के 20 वर्ष के शासनकाल में कमोबेश यह देखने को भी मिला कि उन्होंने न तो कभी जाति धर्म का भेदभाव किया और न ही क्राइम और करप्शन से कोई समझौता। अब उनके ही आशीर्वाद से बिहार की सत्ता में काबिज हुए सम्राट चौधरी ने भी फ्लोर टेस्ट के दौरान विधानसभा में नीतीश कुमार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

सीएम सम्राट ने सदन को संबोधित करते हुए साफ शब्दों में कहा कि नीतीश कुमार जिस तरह से कहते थे कि CCC से कोई समझौता नहीं किया जायेगा तो मैं भी उस बात को दोहराता हूँ और वह आगे भी लागू रहेगा। इसके साथ ही उन्होंने सदन से बिहार की जनता को आश्वस्त किया कि बिहार के सभी थाने, अंचल और ब्लॉक की निगरानी अब सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार की महिलाओं को आत्मसम्मान से जीना सिखाया, छोटी बच्चियों को स्कूल पहुंचाया, स्कूलों में शिक्षक पहुंचाए तो आज मैं उन्हें सुरक्षा का वादा करता हूँ। राज्य के सभी स्कूलों के बाहर पिंक स्कूटी पर सवार हो कर महिला पुलिस दीदी मौजूद रहेंगी और हमारी बहन बेटियों के विरुद्ध गलत नियत रखने वाले को पुलिस पाताल से भी खोज निकालेगी।

यह भी पढ़ें     -    सम्राट की सरकार से खुश हैं महागठबंधन के विधायक IP Gupta, भूमिहार को लेकर कह दी बड़ी बात...

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार में जनता के हित में होने वाले कामों से कभी कोई समझौता नहीं किया जायेगा। प्रधानमंत्री चाहते हैं कि देश विकसित हो, पूर्व मुख्यमंत्री और हमारे नेता नीतीश कुमार चाहते हैं कि बिहार समृद्ध हो और हम लोग उनके पदचिह्न पर काम करते हुए आगे बढ़ेंगे। इस दौरान सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव के बयान जिसमें उन्होंने सम्राट चौधरी को एलेक्टेड सीएम को हटा कर सिलेक्टेड सीएम बनने पर बधाई दी और कहा कि इससे हम खुश हैं क्योंकि आप लालू जी के पाठशाला से हैं पर पलटवार करते हुए कहा कि मैं किसी की पाठशाला से नहीं हूँ लेकिन यह सच है कि लालू यादव की अत्याचार की वजह से आज मैं सीएम बना हूँ। अगर वह मुझे जेल नहीं भेजते तो मैं राजनीति में नहीं आता बल्कि कहीं और जा रहा था।

यह भी पढ़ें     -    CM सम्राट के बयान पर ही रोहिणी ने लपेटा, सोशल मीडिया पोस्ट में पूछा 'आप तो मुख्यमंत्री का चेहरा भी नहीं थे फिर भी...'