पेड़ से टकराई बारात की स्कॉर्पियो, एक झटके में उजड़ गईं तीन ज़िंदगियां, चालक फरार!
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले से एक बेहद दुखद सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मोतिहारी के घोड़ासहन थाना क्षेत्र अंतर्गत महादेव मसान चौक के पास एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। इस भीषण दुर्घटना में स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन का चालक हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कॉर्पियो राजपुर गांव से सिरहा होते हुए घोड़ासहन की ओर एक बारात लेकर जा रही थी। रास्ते में सामने से अचानक आ रहे एक ट्रक को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और गाड़ी सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में बैठे लोग अंदर ही फंस गए।
यह भी पढ़ें: पटना में फिर गरजी पुलिस की बंदूक! कुख्यात सूर्या पुलिस की गोली से घायल, हथियार समेत दबोचा गया
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। कुछ लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक तीनों की जान जा चुकी थी। सूचना मिलते ही घोड़ासहन थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोतिहारी सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के सही कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा दिन, जानें करियर, प्रेम और स्वास्थ्य का हाल
इस दर्दनाक हादसे से इलाके में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।