Join Us On WhatsApp

पटना में फिर गरजी पुलिस की बंदूक! कुख्यात सूर्या पुलिस की गोली से घायल, हथियार समेत दबोचा गया

पटना में अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद कुख्यात अपराधी सूर्या को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया।

Police guns roared again in Patna!
पटना में फिर गरजी पुलिस की बंदूक! कुख्यात सूर्या पुलिस की गोली से घायल, हथियार समेत दबोचा गया- फोटो : Darsh NEWS

पटना पुलिस ने एक बार फिर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राजीव राय उर्फ सूर्या को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 10 और 11 फरवरी 2026 की रात आलमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट इलाके में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि राजीव राय उर्फ सूर्या रंगदारी वसूलने के इरादे से गायघाट पहुंचने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए आलमगंज थाना पुलिस ने STF की टीम के साथ मिलकर इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध की तलाश शुरू की।

जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अपराधी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में कार्रवाई की, जिसमें अपराधी के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार अपराधी का नाम राजीव राय उर्फ सूर्या है और उसके खिलाफ पहले से ही दस से अधिक गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, रंगदारी, अवैध हथियार रखने और मारपीट जैसे केस शामिल बताए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: 12 राशियों के लिए कैसा रहेगा दिन, जानें करियर, प्रेम और स्वास्थ्य का हाल

नगर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) परिचय कुमार ने बताया कि पटना पुलिस का अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी है और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके नेटवर्क का भी खुलासा किया जाएगा। पटना पुलिस की इस कार्रवाई को शहर में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।


Scan and join

darsh news whats app qr
Join Us On WhatsApp