पटना के आलमगंज थाना क्षेत्र से एक बड़े ड्रग्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने रॉयल ग्रीन अपार्टमेंट के एक कमरे से कुल 21 किलो 181 ग्राम स्मैक जब्त किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस मामले में दो तस्करों जितेंद्र और नीतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान आलमगंज क्षेत्र से 1.6 किलो और रामकृष्ण नगर इलाके से 19.5 किलो स्मैक बरामद हुआ। जांच में चौंकाने वाले खुलासे भी सामने आए हैं। दोनों आरोपी पहले भी स्मैक तस्करी के मामलों में जेल जा चुके हैं, जिससे इनके संगठित नेटवर्क में शामिल होने की संभावना बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : राज्यसभा की राह पर नीतीश! आनंद मोहन ने किया ऐतराज, बिहार की राजनीति में उठा भूचाल
एसएसपी ने बताया कि इस रैकेट में एक पुलिसकर्मी का नाम भी सामने आया है। आरोपी सिपाही ऋषिकेश कुमार पिछले 8-9 महीनों से ड्यूटी से गायब हैं। जांच में पता चला कि वह पिछले दो वर्षों से इस अवैध धंधे से जुड़ा हुआ था। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 2 लाख रुपये नकद, एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन और 8 चेक बरामद किए, जिनमें दो पुलिसकर्मियों के भी चेक शामिल हैं।
यह भी पढ़ें : 8वां वेतन आयोग पर नया अपडेट… लेकिन सैलरी कब बढ़ेगी? जानें पूरा मामला
पुलिस ने रैकेट में 6 से 15 अन्य लोगों की संलिप्तता की पुष्टि की है। साथ ही जिस अपार्टमेंट से स्मैक बरामद हुई, उसके मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी। आगे की जांच अभी जारी है और अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में इस पूरे नेटवर्क के और बड़े खुलासे सामने आने की संभावना है।




