पटना: अब नगर निगम के सफाईकर्मियों के बच्चे UPSC, BPSC, JEE और NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी मुफ्त में कर पाएंगे। इसके लिए पटना नगर निगम ने हाल ही में 'प्रोजेक्ट उड़ान' की शुरुआत की है।
इस पहल के तहत निगम के स्थायी, दैनिक वेतनभोगी और आउटसोर्सिंग व्यवस्था से जुड़े सभी सफाईकर्मियों, सफाई निरीक्षकों और मुख्य सफाई निरीक्षकों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर निगम ने इस योजना में छात्रों के चयन के लिए शैक्षणिक प्रदर्शन को आधार बनाया है। सभी अंचलों में अस्सिटेंट पब्लिक सैनिटरी एंड वेस्ट मैनेजमेंट ऑफिसर परिवारों से संपर्क कर योग्य विद्यार्थियों की सूची तैयार कर रहे हैं। सोमवार तक 35 विद्यार्थियों ने इस योजना में भाग लेने की इच्छा जताई है।
इसके बाद एक प्रारंभिक परीक्षा आयोजित कर अंतिम चयन सूची तैयार की जाएगी। फिलहाल किसी भी वर्ग में चयन के लिए संख्या की कोई सीमा नहीं रखी गई है। साथ ही, विद्यार्थियों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्चों के लिए CSR साझेदारी के माध्यम से पूरी वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।
नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा, “सफाईकर्मियों और उनके परिवारों को सम्मानपूर्ण जीवन देना हमारी जिम्मेदारी है। 'प्रोजेक्ट उड़ान' केवल कोचिंग देने की पहल नहीं है, बल्कि बच्चों को अपने सपनों को साकार करने का अवसर देना है। यह सामाजिक गतिशीलता को बढ़ावा देगा और परिवारों को सशक्त बनाएगा, ताकि समाज में समान अवसर स्थापित हों।”
इस पहल से न केवल शिक्षा के अवसर बढ़ेंगे, बल्कि समाज में समानता और सामाजिक उत्थान को भी प्रोत्साहन मिलेगा। भविष्य में यह योजना और अधिक बच्चों तक पहुंचने और उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करने का लक्ष्य रखती है।